जोगबनी-दानापुर एक्सप्रेस की चपेट में आए सुपौल के बुजुर्ग, हादसे से गांव में मातम
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 02 Jun 2026 12:46 PM
जोगबनी-दानापुर एक्सप्रेस की चपेट में आने से 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई
Supaul Train Accident: सुपौल में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया. जोगबनी-दानापुर एक्सप्रेस की चपेट में आने से 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई. हादसे के बाद परिवार और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई.
सरायगढ़ से बलराम प्रसाद सिंह की रिपोर्ट.
Supaul Train Accident: सुपौल जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई. नारायणपुर हाल्ट के समीप रेलवे ट्रैक पर जोगबनी-दानापुर एक्सप्रेस की चपेट में आने से उनकी जान चली गई. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है.
मृतक की पहचान पिपराखुर्द पंचायत के नारायणपुर गांव वार्ड संख्या-13 निवासी योगेंद्र मंडल के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार वह लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और अक्सर घर से निकलकर इधर-उधर घूमते रहते थे.
सुबह निकले घर से, फिर लौटी दुखद खबर
परिजनों ने बताया कि योगेंद्र मंडल सोमवार सुबह घर से निकले थे. इसी दौरान वह रेलवे ट्रैक के आसपास पहुंच गए. आशंका है कि ट्रैक पार करने या उसके समीप रहने के दौरान वह जोगबनी-दानापुर एक्सप्रेस की चपेट में आ गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक के चचेरे भाई ललित नारायण मंडल ने बताया कि योगेंद्र मंडल की मानसिक स्थिति काफी समय से ठीक नहीं थी. उनके परिवार में एक पुत्र और चार पुत्रियां हैं. अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.
गांव के लोगों ने बताया कि योगेंद्र मंडल सरल स्वभाव के व्यक्ति थे और उनकी मौत की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.
पोस्टमार्टम नहीं, सीधे अंतिम संस्कार का फैसला
परिजनों के अनुसार हादसे के बाद शव की स्थिति अत्यंत खराब हो गई थी. ऐसे में परिवार के सदस्यों ने शव के अवशेषों को एकत्र कर घर लाया और पोस्टमार्टम कराने के बजाय सीधे अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया.
घटना के बाद गांव में लोगों का तांता लगा रहा और परिजन अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुट गए.
पुलिस को नहीं मिली आधिकारिक सूचना
मामले को लेकर भपटियाही थानाध्यक्ष प्रजेश दुबे ने बताया कि घटना की सूचना परिजनों की ओर से थाना को नहीं दी गई है. पुलिस को अभी तक मामले की आधिकारिक जानकारी प्राप्त नहीं हुई है.
हालांकि स्थानीय स्तर पर इस हादसे की चर्चा बनी हुई है और लोग रेलवे ट्रैक के आसपास अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर जोर दे रहे हैं.
Also Read: पटना में NEET की तैयारी कर रही छात्रा ने की आत्महत्या, हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला शव
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










