दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में चालक की मौत, तीन की स्थिति गंभीर, भागलपुर रेफर

अमरपुर-शाहकुंड मुख्य मार्ग में कोल्ड स्टोरेज के समीप सोमवार की सुबह दो बाइकों की आमने-सामने के टक्कर में एक बाइक चालक की मौत हो गयी, जबकि इस घटना में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गये.
अमरपुर. अमरपुर-शाहकुंड मुख्य मार्ग में कोल्ड स्टोरेज के समीप सोमवार की सुबह दो बाइकों की आमने-सामने के टक्कर में एक बाइक चालक की मौत हो गयी, जबकि इस घटना में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गये. दिवा गश्ती में मौजूद डायल 112 की पुलिस टीम के द्वारा घटना स्थल से सभी जख्मियों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल लाया गया. जहां डॉ सौरभ कुमार सिंह ने जांच के बाद शहर के वार्ड नंबर 12 महादलित टोला निवासी बाइक चालक चंदन कुमार (27) पिता बालेश्वर दास को मृत घोषित कर दिया. वहीं चिकित्सक ने मृतक का जख्मी साला थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी बाइक सवार धनंजय दास, खेमीचक गांव निवासी सुमन कुमार व तारडीह गांव निवासी कुश कुमार का प्राथमिक उपचार कर गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए मायागंज भागलपुर रेफर कर दिया. जख्मी धनंजय दास ने बताया कि सोमवार को उनके दादाजी का श्राद्ध कार्यक्रम था. इसे लेकर वह अपने बहनोई चंदन कुमार के साथ अमरपुर बाजार खरीदारी करने आया था. खरीदारी कर वह वापस अपने बहनोई के साथ बाइक पर सवार होकर घर जा रहा था. इसी दौरान कोल्ड स्टोरेज के समीप सामने से तेज गति से आ रहे बाइक सवार खेमीचक गांव निवासी सुमन कुमार ने अनियंत्रित होकर उनकी बाइक में धक्का मार दिया. वहीं बाइक चालक की मौत का सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया. सूचना मिलने पर मृतक का पिता बालेश्वर दास, दादा जगदीश दास, दादी बीना देवी, मां माला देवी, पत्नी नंदनी देवी अपने अन्य परिजनों व मोहल्लेवासियों के साथ दहाड़ मारते अस्पताल पहुंचे. परिजनों के चीख व पुकार से पूरा अस्पताल गमगीन हो गया. घटना से आक्रोशित लोगों ने शव को अस्पताल से उठाकर शहर के गोला चौक पर रखकर अमरपुर-शाहकुंड मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. जाम की वजह से सड़क के दोनों ओर छोटी व बड़ी वाहनों की लंबी कतार लग गयी. आक्रोशित लोगों का आक्रोश पैदल आवाजाही करने वाले लोगों पर बरसने लगी. जामकर्ताओं ने दोषी बाइक चालक पर कार्यवाही करने व मुआवजे की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया. जाम की सूचना मिलते ही दारोगा बिनोद कुमार, मुकेश कुमार व बिरेन्द्र कुमार दलबल के साथ जामस्थल पर पहुंचकर जाम हटाने में जुट गये, लेकिन जामकर्ता अपनी मांगों पर अडिग रहे. बाद में थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया. करीब एक घंटे के बाद जाम को हटाया गया. इसके बाद वाहनों की आवाजाही चालू हुई. मौके पर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए बांका भेज दिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बांका भेज दिया है. परिजनों के आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




