Banka News : मंदार में ‘लेजर लाइट शो’ का सपना अधूरा : पापहारणी सरोवर पर काम ठप, पर्यटकों का इंतजार लंबा

बांका जिले के प्रसिद्ध धार्मिक व ऐतिहासिक स्थल मंदार पर्वत स्थित पापहारणी सरोवर पर प्रस्तावित भव्य लेजर लाइट एंड साउंड शो का काम लंबे समय से अधूरा पड़ा है.
बौंसी (बांका) से संजीव पाठक की रिपोर्ट Banka News : बांका जिले के प्रसिद्ध धार्मिक व ऐतिहासिक स्थल मंदार पर्वत स्थित पापहारणी सरोवर पर प्रस्तावित भव्य लेजर लाइट एंड साउंड शो का काम लंबे समय से अधूरा पड़ा है. करोड़ों रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना में लगातार हो रही देरी से न सिर्फ स्थानीय लोगों में नाराजगी है, बल्कि दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों का इंतजार भी बढ़ता जा रहा है. करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस परियोजना का निर्माण कार्य पिछले दो से ढाई महीने से पूरी तरह ठप पड़ा है. जानकारी के अनुसार, तकनीकी कार्य का अधिकांश हिस्सा पूरा कर लिया गया है, जिसे कोलकाता की एक निजी कंपनी अंजाम दे रही है. हालांकि, अंतिम चरण में आई रुकावटों के कारण अब तक शो शुरू नहीं हो सका है.पहले इस अत्याधुनिक शो को जनवरी 2026 में शुरू करने की योजना थी. बाद में समयसीमा बढ़ाकर मार्च कर दी गयी, लेकिन मार्च गुजरने के बाद भी काम पूरा नहीं हुआ. अब अप्रैल भी बीत चुका है, फिर भी परियोजना अधर में लटकी हुई है. बार-बार बदलती डेडलाइन से लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है. इस लेजर शो की खासियत यह है कि इसमें वॉटर स्क्रीन और आकर्षक फव्वारों के जरिए समुद्र मंथन सहित विभिन्न पौराणिक कथाओं का जीवंत प्रदर्शन किया जाना है. इससे मंदार पर्वत की धार्मिक और आध्यात्मिक महत्ता को आधुनिक तकनीक के माध्यम से दर्शाने की योजना है, जो पर्यटन को नई ऊंचाई दे सकती है. स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि यदि यह परियोजना समय पर पूरी होती, तो क्षेत्र में पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलता और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होते.
वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का दावा है कि काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा, लेकिन जमीनी हकीकत अब भी अधूरी तैयारियों की कहानी बयां कर रही है. अब देखना यह है कि लंबे इंतजार के बाद यह ड्रीम प्रोजेक्ट कब साकार होता है और मंदार आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों को कब लेजर शो का अनूठा अनुभव मिल पाता है.कहते हैं एसडीएम
इस मामले में पूछे जाने पर एसडीएम राजकुमार ने बताया कि जनवरी में ही कार्य पूरा करने का निर्देश दिया था. एजेंसी से बात कर अविलंब कार्य पूरा करने का निर्देश दिया जाएगा.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










