बांका के शिवालयों में उमड़ी भीड़, सोमवारी पर जलाभिषेक के लिए सुबह से लगी भक्तों की कतार

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 01 Jun 2026 9:04 AM

विज्ञापन

Banka News : हर-हर महादेव के जयघोष, घंटियों की गूंज और शिवभक्ति में डूबे श्रद्धालु. सोमवार को बांका जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला. सुबह पट खुलते ही जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए हजारों श्रद्धालु मंदिरों में पहुंच गए.

विज्ञापन

बांका से चंदन कुमार की रिपोर्ट

Banka News : सावन से पहले पड़ रही सोमवारी पर बांका जिले के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला. सोमवार की सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जलापर्ण और भगवान शिव के दर्शन के लिए उमड़ पड़ी. जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में विशेष सोमवारी पूजा का आयोजन किया गया, जहां भक्तों ने गंगाजल, दूध, दही, शहद और बेलपत्र अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की.

सुबह 5 बजे खुला मंदिरों का पट, शुरू हुआ जलाभिषेक

जिले के सभी प्रमुख शिवालयों का पट सुबह पांच बजे खोल दिया गया. इसके बाद मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं. पूजा की शुरुआत शिवलिंग के विशेष अभिषेक से हुई. सबसे पहले भगवान शिव को दूध से स्नान कराया गया, जिसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना संपन्न हुई. इसके बाद श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर बाबा भोलेनाथ से अपने परिवार की खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की.

प्रमुख शिवालयों में विशेष सोमवारी पूजा बनी आकर्षण का केंद्र

शहर के प्रसिद्ध भयहरण स्थान और पंचमुखी मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ देखने को मिली. वहीं अमरपुर स्थित सुप्रसिद्ध जेष्ठगौरनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचे. बाराहाट के गोड़धुआ मंदिर और धोरैया के धनकुंड शिव मंदिर में भी दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. सभी मंदिरों में विशेष सोमवारी पूजा को लेकर धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए.

गूंजता रहा हर-हर महादेव का जयघोष

पूजा के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को बेलपत्र, फूल, फल और प्रसाद अर्पित किया. हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा. मंदिरों में पहुंचे श्रद्धालु भक्ति भाव से पूजा में शामिल होते नजर आए.

व्यवस्था संभालने में जुटी रही मंदिर कमेटी

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सभी शिवालयों में मंदिर कमिटी के सदस्य पूरी तरह मुस्तैद रहे. दर्शन और पूजा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे. मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा गया.सोमवारी के अवसर पर जिले भर के शिवालयों में दिनभर भक्ति, श्रद्धा और आस्था का माहौल बना रहा. बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के बाद श्रद्धालु आत्मिक शांति और संतोष के भाव के साथ अपने घर लौटे.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन