बांका में फिर एक्टिव हुआ मानसून, आज बारिश के आसार, 22 जुलाई तक गरज-चमक और भारी वर्षा का अलर्ट

Updated:
विज्ञापन
फोटो - मौसम की तस्वीर | Prabhat Khabar Network

फोटो - मौसम की तस्वीर | Prabhat Khabar Network

Banka Weather Today: बांका जिले में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जिससे आसमान में बादल छाए हुए हैं. जिले के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, साथ ही तेज हवाएं भी चल सकती हैं. किसानों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है, क्योंकि बिचड़ा डालने के बाद भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है.

विज्ञापन

Banka Weather Today: बांका. लंबे इंतजार के बाद बांका में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ता दिख रहा है. शनिवार रात से आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है और रविवार को जिले के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है और कई जगहों पर मेघ गर्जन भी हो सकता है.

बारिश की संभावना से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है. वहीं, कई दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए भी यह पूर्वानुमान राहत की खबर लेकर आया है, क्योंकि धान की खेती बारिश की कमी से प्रभावित हो रही है.

आज कैसा रहेगा बांका का मौसम?

रविवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार जिले के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. तापमान में करीब एक डिग्री की गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिलेगी.

22 जुलाई तक मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान

बिहार कृषि विश्वविद्यालय, ग्रामीण कृषि मौसम सेवा और भारत मौसम विज्ञान विभाग के संयुक्त पूर्वानुमान के अनुसार 18 से 22 जुलाई के बीच बांका समेत दक्षिण बिहार के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है.

इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. सुबह के समय हवा में नमी 80 से 85 प्रतिशत और दोपहर में 65 से 75 प्रतिशत तक रह सकती है.

तेज हवा और वज्रपात को लेकर अलर्ट

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिनों तक दक्षिण-पश्चिम दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. इसके बाद हवा की दिशा बदलकर दक्षिण-पूर्वी होने की संभावना है.

बारिश के दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. खराब मौसम में खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है.

किसानों के लिए राहत की उम्मीद

मानसून की सुस्ती का सबसे अधिक असर जिले के किसानों पर पड़ा है. धान की खेती के लिए किसानों ने खेतों में बिचड़ा तैयार कर लिया है, लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं होने से रोपाई प्रभावित हो रही है. मजबूरी में कई किसान बोरिंग के सहारे सिंचाई कर रहे हैं, जिससे खेती की लागत भी बढ़ रही है.

यदि मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित होता है और अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश होती है, तो धान की रोपाई में तेजी आने की संभावना है. इससे किसानों को बड़ी राहत मिल सकती है.

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विशेषज्ञों ने किसानों को मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखकर कृषि कार्य करने की सलाह दी है. साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि गरज-चमक और तेज हवा के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा बिजली गिरने की आशंका होने पर खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण न लें.


विज्ञापन
मदन कुमार

लेखक के बारे में

By मदन कुमार

मदन कुमार प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन