बांका में मोबाइल दुकान की आड़ में चल रहा था शराब का धंधा, 15 लीटर विदेशी शराब के साथ धंधेबाज गिरफ्तार
Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 01 Jun 2026 11:55 AM
विज्ञापन
Banka News : मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान बाहर से आम दिखती थी, लेकिन अंदर चल रहा था अवैध शराब का नेटवर्क. पुलिस की छापेमारी में न सिर्फ कारोबारी गिरफ्तार हुआ, बल्कि शराब की होम डिलीवरी में इस्तेमाल होने वाले वाहन भी जब्त किए गए.
विज्ञापन
बांका से चंदन कुमार की रिपोर्ट
Banka News : बांका सदर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कटेली मोड़ के समीप से अंग्रेजी शराब के साथ एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से करीब 15 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है. साथ ही शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मारुति सुजुकी कार और एक बिना नंबर की इलेक्ट्रिक स्कूटी को भी जब्त किया गया है. मामले में पुलिस आगे की जांच में जुट गई है.गुप्त सूचना पर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
सदर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि कटेली मोड़ स्थित कृष्णा मोबाइल रिपेयरिंग दुकान की आड़ में अवैध शराब की बिक्री की जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम का गठन कर मौके पर छापेमारी की गई. कार्रवाई के दौरान दुकान के आसपास संदिग्ध गतिविधियां पाई गईं.दुकान के पास से बरामद हुई शराब और वाहन
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दुकान के समीप खड़ी लाल रंग की मारुति सुजुकी चारपहिया गाड़ी और बिना नंबर की इलेक्ट्रिक स्कूटी को बरामद किया. तलाशी लेने पर करीब 15 लीटर अंग्रेजी शराब भी बरामद हुई. इसके बाद मौके से ककवारा निवासी मुन्ना कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया.कार से मंगवाता था शराब, स्कूटी से करता था होम डिलीवरी
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने कई अहम खुलासे किए हैं. उसने बताया कि बंगाल से करीब 10 लाख रुपये में मारुति सुजुकी कार और 30 हजार रुपये में इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी. इन्हीं वाहनों का उपयोग कर शराब की खेप मंगाई जाती थी. बाद में स्कूटी के जरिए ग्राहकों तक शराब की होम डिलीवरी की जाती थी.पूछताछ में मिले कई अहम सुराग
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार कारोबारी से पूछताछ के दौरान शराब कारोबार से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं. पुलिस इन जानकारियों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है.कई पुलिस पदाधिकारी रहे छापेमारी में शामिल
इस छापेमारी अभियान में सदर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार के अलावा पुलिस पदाधिकारी सूरज भूषण, राहुल कुमार, संजय सिंह, शिवनारायण चौधरी तथा अन्य पुलिस बल के जवान शामिल थे. पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










