बेटे ने पिता की ली जान, अररिया में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात से सनसनी

Updated:
विज्ञापन
बेटे ने पिता की ली जान, अररिया में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात से सनसनी

पूछताछ करती पुलिस टीम

Araria News: घरेलू विवाद इतना बढ़ा कि एक बेटे ने अपने ही पिता पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया. अस्पताल पहुंचने से पहले ही परिवार की दुनिया उजड़ गई. अररिया के बौसी थाना क्षेत्र की इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है.

विज्ञापन

परवाहा (अररिया) से रवीन्द्र कुमार यादव की रिपोर्ट.

Araria News: अररिया जिले के रानीगंज प्रखंड अंतर्गत बौसी थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. महिषैली गांव में एक बेटे पर अपने ही पिता की हत्या करने का आरोप लगा है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग इस दर्दनाक वारदात की कड़ी निंदा कर रहे हैं.

घरेलू विवाद ने लिया खूनी रूप

जानकारी के अनुसार बौसी थाना क्षेत्र के महिषैली वार्ड संख्या तीन निवासी 65 वर्षीय मो. लाईक और उनके 24 वर्षीय पुत्र खालीद के बीच रविवार देर रात किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हुआ था. परिजनों के अनुसार रात करीब 10 बजे शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई.

आरोप है कि गुस्से में आकर पुत्र खालीद ने अपने पिता पर ईंट और पत्थर से हमला कर दिया. सिर पर गंभीर चोट लगने से मो. लाईक बुरी तरह घायल हो गए. परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए अररिया सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

गांव में पसरा मातम, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

घटना की सूचना फैलते ही महिषैली गांव में शोक की लहर दौड़ गई. मृतक की पत्नी मकीना सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों का कहना है कि किसी ने भी नहीं सोचा था कि घरेलू विवाद इतना भयावह रूप ले लेगा.

स्थानीय लोगों के मुताबिक मो. लाईक शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और परिवार के साथ सामान्य जीवन बिता रहे थे. घटना के बाद गांव में हर तरफ इसी चर्चा का माहौल है.

आरोपी पुत्र फरार, पुलिस कर रही तलाश

सोमवार सुबह सूचना मिलने पर बौसी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की. घटना के बाद आरोपी पुत्र खालीद फरार बताया जा रहा है.

बौसी थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

लोगों में आक्रोश, उठे कई सवाल

एक बेटे द्वारा अपने पिता की हत्या की घटना ने समाज को झकझोर दिया है. ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि पारिवारिक मूल्यों और रिश्तों पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है. लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

Also Read: पटना में बढ़ती गर्मी से जल संकट गहराया, 5 फुट नीचे गया जलस्तर, ट्यूबवेल पर बढ़ा दबाव

विज्ञापन
प्रत्युष प्रशांत

लेखक के बारे में

By प्रत्युष प्रशांत

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन