325 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, स्कॉर्पियो और मोबाइल जब्त; अररिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Updated:
विज्ञापन
फोटो:- गिरफ्तार तस्कर की जानकारी देते एसडीपीओ सुशील कुमार  | Prabhat Khabar Network

फोटो- गिरफ्तार तस्कर की जानकारी देते एसडीपीओ सुशील कुमार

अररिया जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 325 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. एक तस्कर गिरफ्तार हुआ है और तस्करी में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन व मोबाइल भी जब्त किया गया है. पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है.

विज्ञापन

अअररिया जिले के कुर्साकांटा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 325 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है. पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुट गई है.

स्टैंड चौक के पास पुलिस ने की कार्रवाई

सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह कार्रवाई 16 जुलाई की अल सुबह करीब 4:20 बजे कुर्साकांटा बाजार स्थित स्टैंड चौक के पास की गई. पुलिस को सूचना मिली थी कि कुंआड़ी की ओर से एक स्कॉर्पियो में मादक पदार्थ की खेप लाई जा रही है. सूचना के आधार पर वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक भागने लगा. पुलिस ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया.

स्कॉर्पियो से 325 किलो गांजा बरामद

वाहन की तलाशी के दौरान नौ सफेद प्लास्टिक के बोरों में गांजा जैसा पदार्थ मिला. वजन कराने पर इसकी कुल मात्रा 325 किलोग्राम निकली. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत गांजा, स्कॉर्पियो और एक स्मार्टफोन जब्त कर लिया.

कटिहार का तस्कर गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कटिहार जिले के फलका थाना क्षेत्र अंतर्गत फलका बाजार वार्ड संख्या-11 निवासी 47 वर्षीय मो. समीम, पिता मो. लहेरी के रूप में हुई है. इस संबंध में कुर्साकांटा थाना कांड संख्या 120/26 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया है.

पूरे नेटवर्क की होगी जांच

एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि इस तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. सभी आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.

इनकी रही छापेमारी में भूमिका

छापेमारी दल का नेतृत्व कुर्साकांटा थानाध्यक्ष पुअनि रोहित कुमार ने किया. टीम में पुअनि विकास कुमार, सिपाही बिपिन कुमार, महिला सिपाही प्रियंका कुमारी, भाग्य ज्योति तथा गृह रक्षक सुनील कुमार विश्वास और शंकर सिंह शामिल थे.


विज्ञापन
राहुल सिंह

लेखक के बारे में

By राहुल सिंह

राहुल सिंह प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन