पंजवारा की बेटी दिव्यांशा सिंह ने बढ़ाया मान, 497वीं रैंक हासिल कर रचा नया कीर्तिमान
दिव्यांशा सिंह का फाइल फोटो.
BPSC Success Story: पूर्व विधानसभा उप सचिव की बेटी दिव्यांशा ने मेहनत और लगन के दम पर BPSC में शानदार सफलता हासिल की है. दिव्यांशा की सफलता से पूरे बांका जिले में खुशी की लहर है.
पंजवारा बांका से गौरव कश्यप की रिपोर्ट
BPSC Success Story: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा के घोषित परिणाम में बांका जिले के पंजवारा क्षेत्र की बेटी दिव्यांशा सिंह ने उल्लेखनीय सफलता हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है.सबलपुर गांव निवासी दिव्यांशा सिंह ने 497वीं रैंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे जिले में खुशी का माहौल है. सफलता की खबर मिलते ही बधाई देने वालों का उनके आवास पर तांता लग गया.
मेहनत और दृढ़ संकल्प ने दिलाई सफलता
सबलपुर गांव की रहने वाली दिव्यांशा सिंह बिहार विधानसभा के पूर्व उप सचिव पांडव कुमार सिंह की पुत्री हैं. बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और लक्ष्य के प्रति समर्पित रही दिव्यांशा ने कड़ी मेहनत और निरंतर प्रयास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है.
ग्रामीणों का कहना है कि दिव्यांशा की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत लगातार जारी रहे तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती. उनकी उपलब्धि ने क्षेत्र के युवाओं, खासकर छात्राओं के भीतर नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया है.
पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल
बीपीएससी का परिणाम घोषित होते ही दिव्यांशा के घर पर खुशी का माहौल बन गया. परिजनों और शुभचिंतकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की. गांव और आसपास के क्षेत्रों में भी उनकी सफलता चर्चा का विषय बनी हुई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिव्यांशा ने न केवल अपने परिवार का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे पंजवारा क्षेत्र को एक नई पहचान दिलाई है.
जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने दी बधाई
दिव्यांशा की उपलब्धि पर क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और समाजसेवियों ने बधाई दी है.सबलपुर पंचायत के मुखिया निखिल बहादुर सिंह, पूर्व मुखिया कृष्ण सिंह, भीलवाड़ा पंचायत के मुखिया भोला पासवान, जिला परिषद सदस्य नीलम सिंह तथा पूर्व जिला परिषद सदस्य विजय किशोर सिंह ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
इसके अलावा सेवानिवृत्त शिक्षक सुरेंद्र प्रसाद सिंह, डॉ. उदय शंकर झा, डॉ. दिनेश कुमार, पर्यावरणविद् राजमोहन ठाकुर, भाजपा जिला महामंत्री सुभाष शाह, ललित किशोर सिंह, धर्मेंद्र कुमार सिंह उर्फ राजा सिंह, मनीष कुमार सिंह और श्यामसुंदर पंडित सहित अनेक प्रबुद्ध नागरिकों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं.
बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा
दिव्यांशा के परिवार में एक भाई हैं जो पेशे से इंजीनियर हैं. परिवार की शैक्षणिक पृष्ठभूमि और सकारात्मक माहौल ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. हालांकि उनकी उपलब्धि का सबसे बड़ा संदेश यह है कि ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियां भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर बड़ी से बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकती हैं.
आज दिव्यांशा सिंह की सफलता पूरे क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई है. उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि शिक्षा, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी सपने को साकार किया जा सकता है.
बांका के लिए गर्व का क्षण
दिव्यांशा सिंह की सफलता केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह पूरे बांका जिले के लिए गर्व का विषय है. उनकी यह उपलब्धि आने वाले समय में क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करेगी और शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल को मजबूत बनाएगी.
Also Read : पिता के निधन के बाद नहीं टूटा हौसला, कटोरिया के अमित सिंह बने नगर कार्यपालक पदाधिकारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










