बांका में 20 जुलाई से शुरू होगा स्वैच्छिक रक्तदान अभियान, सभी प्रखंडों में लगेगा रक्तदान शिविर

Updated:
विज्ञापन
कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र | Prabhat Khabar Network

कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र | Prabhat Khabar Network

Banka News: बांका जिले में रक्त की उपलब्धता बढ़ाने के लिए 20 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक विशेष स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने सभी प्रखंडों में शिविर लगाने का निर्णय लिया है।

विज्ञापन

Banka News: कटोरिया (बांका). अगर आप रक्तदान करना चाहते हैं और किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में अपनी भागीदारी निभाना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. बांका जिले में 20 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक विशेष स्वैच्छिक रक्तदान अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान जिले के सभी 11 प्रखंडों में अलग-अलग तिथियों पर रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे. स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य जिले में रक्त की कमी को दूर करना और आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है.

यह अभियान ऐसे समय शुरू किया जा रहा है, जब सदर अस्पताल बांका के ब्लड स्टोरेज यूनिट में रक्त की उपलब्धता लगातार कम हो रही है. दुर्घटना, प्रसव, ऑपरेशन, थैलेसीमिया और अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को समय पर रक्त नहीं मिलने की चुनौती को देखते हुए जिला स्वास्थ्य समिति ने यह पहल की है.

ब्लड स्टोरेज यूनिट में रक्त की कमी बनी चिंता

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सदर अस्पताल बांका स्थित ब्लड स्टोरेज यूनिट में इन दिनों रक्त का पर्याप्त स्टॉक नहीं है. इसका सीधा असर उन मरीजों पर पड़ सकता है, जिन्हें अचानक रक्त की आवश्यकता होती है.

इसी स्थिति को देखते हुए सिविल सर्जन-सह-सदस्य सचिव ने जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए प्रत्येक प्रखंड में चरणबद्ध तरीके से रक्तदान शिविर आयोजित करने का फैसला लिया है.

हर प्रखंड में पहुंचेगा रक्तदान अभियान

अभियान के तहत प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की टीम निर्धारित तिथि पर संबंधित प्रखंड में रक्त संग्रह करेगी. स्वास्थ्य विभाग ने स्थानीय अस्पतालों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और युवाओं से इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है.

स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि एक स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया एक यूनिट रक्त कई मरीजों के इलाज में उपयोगी साबित हो सकता है. इसलिए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी जरूरी है.

जानिए किस दिन कहां लगेगा शिविर

20 जुलाई को बौंसी में रक्तदान शिविर आयोजित होगा. 21 जुलाई को अमरपुर, 22 जुलाई को बांका, 23 जुलाई को बाराहाट, 24 जुलाई को बेलहर, 25 जुलाई को चांदन, 26 जुलाई को धोरैया, 27 जुलाई को कटोरिया, 28 जुलाई को फुल्लीडुमर, 29 जुलाई को रजौन और 30 जुलाई को शंभूगंज में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया जाएगा.

स्वास्थ्य विभाग ने सभी प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि शिविर के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएं ताकि रक्त संग्रह की प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके.

अमरपुर में हर सप्ताह लगेगा रक्तदान शिविर

सिविल सर्जन ने बताया कि रेफरल अस्पताल अमरपुर में संचालित ब्लड स्टोरेज यूनिट में भी प्रत्येक सप्ताह नियमित रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे. इससे जिले में रक्त की उपलब्धता बेहतर होगी और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल सकेगा.

Banka News: क्यों जरूरी है स्वैच्छिक रक्तदान

विशेषज्ञों के अनुसार रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है. इसे केवल एक स्वस्थ व्यक्ति ही दान कर सकता है. रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और इससे स्वस्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता.

स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे आगे आएं और स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपनी भागीदारी निभाएं. आपका एक छोटा-सा प्रयास किसी मरीज के लिए नया जीवन बन सकता है.

Also Read: हाजीपुर से चिराग पासवान ने कर दिया ऐलान, यूपी की सभी 403 सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार

Also Read: पटना नहीं, अब राजगीर इंटरनेशनल स्टेडियम में चौके-छक्के लगाएंगे बिहार के रणजी धुरंधर, 11 अक्टूबर को पहला मुकाबला


विज्ञापन
दीपक चौधरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन