अमरपुर बैंक से महिला ने निकाले 50 हजार, बीच रास्ते में रुपये भरा थैला झपटकर बदमाश फरार

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 05 Jun 2026 3:19 PM

विज्ञापन

Banka News : अमरपुर में झपटमार गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है. बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रही महिला के हाथ से दिनदहाड़े 50 हजार रुपये छीनकर बदमाश फरार हो गए. लगातार हो रही झपटमारी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है.

विज्ञापन

अमरपुर( बांका) से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट

Banka News : अमरपुर शहर में झपटमारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. गुरुवार को डुमरामा स्थित बैंक से 50 हजार रुपये निकालकर घर लौट रही एक महिला को झपटमार गिरोह ने निशाना बना लिया. बाइक सवार बदमाश महिला के हाथ से रुपये से भरी थैली छीनकर फरार हो गए. पीड़िता ने थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है.

बैंक से निकासी के दौरान युवक ने की मदद

थानाक्षेत्र के आनंदीपुर नवटोलिया गांव निवासी दिलीप साह की पत्नी पिंकी देवी ने बताया कि वह गुरुवार को डुमरामा स्थित यूको बैंक में 50 हजार रुपये की निकासी करने गई थीं. बैंक में पर्ची भरने के दौरान काउंटर कर्मी ने पर्ची में त्रुटि बताई. इसी दौरान बैंक परिसर में मौजूद एक अज्ञात युवक ने उनकी पर्ची भरने में मदद की. बाद में उन्होंने पर्ची जमा कर राशि की निकासी कर ली.

घर लौटते समय बदमाशों ने बनाया निशाना

पीड़िता के अनुसार बैंक से मिले 50 हजार रुपये उन्होंने एक प्लास्टिक की थैली में रख लिए और पैदल अपने घर की ओर चल पड़ीं. कुछ दूर आगे बढ़ने पर एक चाय दुकान के समीप बाइक सवार दो युवक पहुंचे. जब तक वह कुछ समझ पातीं, तब तक पीछे बैठे युवक ने उनके हाथ से रुपये से भरी थैली झपट ली और दोनों बदमाश कजरैली गांव की ओर फरार हो गए.

शोर मचाया, लेकिन नहीं मिला सुराग

घटना के बाद महिला ने शोर मचाकर लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर निकल चुके थे. आसपास के लोगों ने भी पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली.

थाने में आवेदन देकर लगाई न्याय की गुहार

घटना से सदमे में आई पीड़िता ने अमरपुर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया है. उन्होंने पुलिस से बदमाशों की पहचान कर रुपये बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

लगातार बढ़ रही झपटमारी की घटनाएं

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में झपटमार गिरोह का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. कुछ दिन पहले सुबह टहलने निकली एक महिला से मोबाइल छीन लिया गया था. वहीं करीब पखवाड़े भर पहले ट्यूशन पढ़ाकर लौट रही एक युवती का मोबाइल भी झपटमारों ने छीन लिया था.

लोगों में बढ़ा डर, पुलिस से कार्रवाई की मांग

लगातार हो रही झपटमारी की घटनाओं से शहरवासियों में दहशत का माहौल है. लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों और बैंक परिसरों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने की आवश्यकता है. नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से झपटमार गिरोह पर शीघ्र अंकुश लगाने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन