35 करोड़ के वियर निर्माण कार्य में अवैध रूप से बालू उठाव का आरोप, धोरैया विधायक ने भी उठाये सवाल
Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 21 May 2026 2:34 PM
Banka News : बांका में बन रहे 35 करोड़ रुपये के वियर निर्माण कार्य पर अब सवाल उठने लगे हैं. ग्रामीणों ने नदी से बड़े पैमाने पर अवैध बालू उठाव का आरोप लगाया है, जिसके बाद विधायक खुद मौके पर जांच के लिए पहुंच गए.
बांका से विभांशु की रिपोर्ट : बांका जिले के रजौन प्रखंड अंतर्गत बरौनी गांव में जल संसाधन विभाग द्वारा करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे वियर निर्माण कार्य में अवैध बालू उठाव का मामला सामने आया है. ग्रामीणों की शिकायत पर धोरैया विधायक मनीष कुमार ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और जिला प्रशासन से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की.
ग्रामीणों ने लगाया 500 हाइवा बालू उठाव का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य करा रहे संवेदक द्वारा नदी से ही भारी मात्रा में बालू निकालकर परियोजना में इस्तेमाल किया जा रहा है. ग्रामीणों के मुताबिक करीब 500 हाइवा ट्रक बालू नदी से उठाया जा चुका है, जिससे गांव में छोटे निर्माण कार्यों के लिए भी बालू की कमी हो गई है.
निरीक्षण के बाद विधायक ने जताई चिंता
विधायक मनीष कुमार क्षेत्र भ्रमण के दौरान बरौनी दलित टोला पहुंचे थे. ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद वे सीधे निर्माण स्थल पहुंचे और कार्यों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया शिकायत सही प्रतीत हो रही है और मौके पर बड़े पैमाने पर नदी से बालू उठाव के संकेत मिले हैं.“भ्रष्टाचार और अनियमितता बर्दाश्त नहीं”
मनीष कुमार ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने साफ कहा कि यदि जांच में अवैध खनन की पुष्टि होती है तो संबंधित संवेदक और अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी.
DM और Mining Department को दी जानकारी
विधायक ने मौके से ही नवदीप शुक्ला और खनन विभाग के अधिकारियों को फोन कर मामले की जानकारी दी. उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया.जदयू नेता ने भी लगाये गंभीर आरोप
मुकेश सिंह उर्फ विनोद सिंह ने भी संवेदक पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों और किसानों द्वारा पहले भी उन्हें इसकी सूचना दी गई थी. चेतावनी के बावजूद नदी से लगातार बालू उठाव जारी रहा.
पर्यावरण और ग्रामीणों की परेशानी बढ़ी
स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध खनन से नदी और पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है. साथ ही ग्रामीणों को सामान्य निर्माण कार्यों के लिए भी बालू उपलब्ध नहीं हो पा रहा है. लोगों ने प्रशासन से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










