“रुपये दीजिये, तभी बाहर जायेंगे मरीज”, परिजनों के आरोप के बाद अस्पताल में मचा हड़कंप

Updated:
विज्ञापन
“रुपये दीजिये, तभी बाहर जायेंगे मरीज”, परिजनों के आरोप के बाद अस्पताल में मचा हड़कंप

Banka News: बौंसी रेफरल अस्पताल में प्रसव के बाद स्वास्थ्यकर्मियों पर अवैध वसूली का आरोप लगा है. परिजनों का कहना है कि रुपए नहीं देने पर उन्हें धमकी दी गयी. शिकायत सामने आते ही अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन

बौसी,बांका से संजीव पाठक की रिपोर्ट :

बांका जिले के बौंसी रेफरल अस्पताल में एक बार फिर प्रसव कराने आई महिलाओं से अवैध वसूली का मामला सामने आया है. बुधवार सुबह प्रसूता के परिजनों ने अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों पर रुपये मांगने और इनकार करने पर धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया. मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया और जांच शुरू कर दी गयी है. घटना के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीजों के साथ व्यवहार को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं.

आधी रात अस्पताल पहुंची प्रसूता, सुबह हुआ सुरक्षित प्रसव

जानकारी के अनुसार बाराहाट प्रखंड के महुआडीह गांव निवासी होरिल कुमार अपनी पत्नी सावित्री कुमारी को प्रसव के लिए मंगलवार रात करीब 11 बजे बौंसी रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे थे. बुधवार सुबह करीब 4:35 बजे सावित्री कुमारी ने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया. प्रसव के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि ड्यूटी पर मौजूद जीएनएम, एएनएम और ममता कर्मियों ने उनसे रुपये की मांग की. परिजनों का कहना है कि स्वास्थ्यकर्मियों ने कहा, “रुपये दीजिये, तभी मरीज को प्रसव कक्ष से बाहर किया जायेगा.”

“फिर अस्पताल आये तो देख लेंगे”, परिजनों ने लगाया धमकी का आरोप

प्रसूता की सास सिंधु देवी और ननद कल्पना कुमारी ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने रुपये देने से मना किया तो उन्हें दोबारा अस्पताल आने पर “देख लेने” जैसी बातें कही गयीं. हालांकि परिजनों ने साफ कहा कि उन्होंने किसी भी कर्मचारी को कोई राशि नहीं दी. वहीं प्रसूता सावित्री कुमारी ने बताया कि उन्होंने खुशी में मिठाई मंगाने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद सीधे रुपये की मांग की जाने लगी. घटना के बाद अस्पताल परिसर में यह मामला चर्चा का विषय बन गया.

Video Footage के साथ शुरू हुई जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ रंजन कुमार ने परिजनों से पूछताछ की और मामले का वीडियो फुटेज तैयार कराया. इसके बाद अस्पताल प्रबंधक अमित कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. अस्पताल प्रबंधक ने बताया कि रुपये मांगने की शिकायत मिली है, लेकिन अब तक किसी कर्मचारी द्वारा राशि लेने की पुष्टि नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी.

स्वास्थ्यकर्मियों ने आरोपों को बताया निराधार

दूसरी ओर ड्यूटी पर मौजूद जीएनएम मधु, एएनएम सरोज और ममता कर्मी अनीता ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है. उनका कहना है कि उन्होंने न तो किसी से पैसे मांगे और न ही कोई राशि ली. गौरतलब है कि बौंसी रेफरल अस्पताल में पहले भी प्रसव के दौरान अवैध वसूली के आरोप लगते रहे हैं. ऐसे में यह नया मामला एक बार फिर अस्पताल प्रशासन पर सवाल खड़े कर रहा है.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन