स्कूल जा रही छात्रा को पिकअप ने मारी टक्कर, सिर में गंभीर चोट

Updated:
विज्ञापन
स्कूल जा रही छात्रा को पिकअप ने मारी टक्कर, सिर में गंभीर चोट

Banka Road Accident. साइकिल से स्कूल जा रही छात्रा को प्रेमनगर मोड़ के पास तेज रफ्तार पिकअप वैन ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गयी, जबकि चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया.

विज्ञापन

कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट :

बांका जिले के कटोरिया-सुइया मुख्य सड़क मार्ग पर बुधवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. स्कूल जा रही साइकिल सवार छात्रा को एक अनियंत्रित पिकअप वैन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयी. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. घायल छात्रा को ग्रामीणों और परिजनों की मदद से एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. दुर्घटना के बाद चालक पिकअप वैन समेत मौके से फरार हो गया.

स्कूल जाते समय हुआ हादसा, सड़क पर गिरते ही मची चीख-पुकार

घायल छात्रा की पहचान प्रीति कुमारी के रूप में हुई है. वह इंटरस्तरीय प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय कटोरिया में नवम वर्ग की छात्रा है. परिजनों के अनुसार बुधवार सुबह प्रीति साइकिल से स्कूल जा रही थी. जैसे ही वह कटोरिया-सुइया मुख्य सड़क स्थित प्रेमनगर मोड़ के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप वैन ने उसे टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्रा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गयी.

सिर में लगी गंभीर चोट, अस्पताल में चला इलाज

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़े और घायल छात्रा को संभाला. इसके बाद परिजनों को सूचना दी गयी. ग्रामीणों और परिवार के सहयोग से छात्रा को एंबुलेंस द्वारा कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ देवेंद्र कुमार ने छात्रा का प्राथमिक उपचार किया. चिकित्सकों के अनुसार छात्रा के सिर में गंभीर चोट लगी है, जिसके कारण उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

हादसे के बाद चालक फरार, लोगों में आक्रोश

घायल छात्रा के नाना भूटो तांती और नानी रुदिया देवी ने बताया कि हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया. ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रेमनगर मोड़ के पास ट्रैफिक नियंत्रण और वाहन चालकों पर सख्ती की मांग की है.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन