संजय यादव के घर पर पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार

Published at :18 May 2017 6:33 AM (IST)
विज्ञापन
संजय यादव के घर पर पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार

बांका सीजेएम कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद से ही फरार हैं पूर्व विधायक बांका/ गोड्डा : बांका में जय माता दी कंस्ट्रक्शन से रंगदारी मांगने और फायरिंग करने के मामले में गोड्डा के पूर्व विधायक संजय यादव की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं. पुलिस और शिकंजा कसने की तैयारी में है. बांका […]

विज्ञापन

बांका सीजेएम कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद से ही फरार हैं पूर्व विधायक

बांका/ गोड्डा : बांका में जय माता दी कंस्ट्रक्शन से रंगदारी मांगने और फायरिंग करने के मामले में गोड्डा के पूर्व विधायक संजय यादव की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं. पुलिस और शिकंजा कसने की तैयारी में है. बांका पुलिस ने पूर्व विधायक के घर पर इश्तेहार चिपका दिया है. दूसरी तरफ गोड्डा एसपी ने पूर्व विधायक के अंगरक्षक को निलंबित कर दिया है. न्यायालय मुख्य दंडाधिकारी बांका के आदेश पर बुधवार को गोड्डा के पूर्व विधायक संजय यादव एवं उनके भतीजा जामुन यादव के पैतृक आवास पर आत्मसमर्पण करने के लिए एक इश्तेहार चिपकाया गया.
संजय यादव के घर पर…
एसपी राजीव रंजन के निर्देश पर बाराहाट थानाध्यक्ष पंकज पासवान व केस के अनुसंधानकर्ता जयराम मिश्रा सहित भारी पुलिस बल दोपहर बाद पूर्व विधायक के ढाकामोड़ स्थित पैतृक आवास एवं पूर्व विधायक के भतीजा ढाका गांव निवासी जामुन यादव के पैतृक आवास पर पहुंचे. पुलिस ने इश्तेहार चिपकाकर 24 घंटे के अंदर दोनों अभियुक्त को आत्मसमर्पण करने का आदेश जारी किया है. पुलिस ने इश्तेहार चिपकाने के दौरान पूर्व विधायक के पशुपालक महगामा गांव निवासी ताला मुर्मू एवं ढाका गांव निवासी जयनेंद्र यादव का गवाह के तौर पर हस्ताक्षर भी कराया गया. इस संबंध में एसपी ने बताया है कि न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है.
कुछ जगहों पर मिल रहा लोकेशन, छापेमारी जारी
पूर्व विधायक संजय यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस को संजय यादव के कुछ जगहों पर होने की गुप्त सूचना मिली है. पता चला है कि वह एक जगह पर स्थिर नहीं रह रहा. जहां भी उसका लोकेशन पता चल रहा पुलिस वहां पहुंच कर छापेमारी कर रही है. पुलिस की दबिश को देखते हुए पूर्व विधायक के कोर्ट में सरेंडर किये जाने की भी चर्चा होने लगी है. कंस्ट्रक्शन कंपनी के बाद बांका स्थित बालू ठेका कंपनी महादेव इंक्लेव ने भी संजय यादव और उसके रिश्तेदारों पर रंगदारी मांगे जाने, मारपीट करने को लेकर पहले ही केस दर्ज कराने की बात कही है. कोर्ट ने संजय यादव के अलावा जामुन यादव के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है.
फरार अभियुक्त देव कुमार दूबे गिरफ्तार
सदर थाना में दर्ज प्राथमिकी के अभियुक्त को बांका पुलिस ने बुधवार को समाहरणालय के समीप से गिरफ्तार कर लिया है. देवकुमार दूबे पर फर्जी चलाने के आधार पर बालू उठाव करने का आरोप है. गिरफ्तार अभियुक्त पूर्व बालू संवेदक दिवाकर चंद्र दूबे का पुत्र है. इस मामले में बालू संवेदक महादे‍व इनक्लेव द्वारा 5 फरवरी 2017 को बांका थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी.
अंगरक्षक निलंबित, बांका एसपी ने की पुष्टि
गोड्डा के पूर्व विधायक संजय यादव के अंगरक्षक को गोड्डा एसपी हरि चौहान ने निलंबित कर दिया है. उक्त जानकारी बांका एसपी राजीव रंजन ने दी. पूर्व विधायक को झारखंड पुलिस के द्वारा अंगरक्षक मिला हुआ था. पूर्व विधायक पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद बांका ने गोड्डा एसपी से अंगरक्षक के बारे में जानकारी मांगी थी. मामले में गोड्डा एसपी ने जांच का आदेश दिया था. अंगरक्षक द्वारा जानकारी नहीं दिये जाने पर गोड्डा एसपी ने अंगरक्षक को निलंबित कर दिया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन