औरंगाबाद: मिथलेश यादव हत्याकांड में एक माह बाद भी गिरफ्तारी नहीं, परिजनों ने उठाए सवाल

उपहारा थाना औरंगाबाद
मिथलेश यादव हत्याकांड को एक महीना बीत चुका है, लेकिन पुलिस अभी तक हत्यारों को पकड़ने में नाकाम है। मृतक के परिजन न्याय के लिए लगातार गुहार लगा रहे हैं।
Aurangabad News : उपहारा थाना क्षेत्र के मियांपुर निवासी मिथलेश यादव हत्याकांड के एक माह बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं. मामले में अब तक किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होने से मृतक के परिजनों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. परिजन लगातार पुलिस एवं प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
परिजनों ने जल्द गिरफ्तारी की मांग की
मृतक के पिता सत्येंद्र यादव ने बताया कि घटना को एक माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक हत्याकांड के आरोपित पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. उन्होंने कहा कि न्याय की उम्मीद में कई बार थाना का चक्कर लगाया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. उनका कहना है कि जब तक हत्यारे गिरफ्तार नहीं होंगे, परिवार को न्याय मिलने का एहसास नहीं होगा.
डीएनए रिपोर्ट का इंतजार, जांच अंतिम चरण में
टिकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशांत कुमार चंचल ने शुक्रवार को बताया कि मामले का अनुसंधान गंभीरता से किया जा रहा है. पुलिस लगातार मृतक के परिजनों के संपर्क में है. उन्होंने कहा कि डीएनए जांच रिपोर्ट आना शेष है. रिपोर्ट प्राप्त होते ही साक्ष्यों के आधार पर मामले में संलिप्त सभी आरोपितों के विरुद्ध गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी.
एक माह पहले आहर के पास मिला था शव
गौरतलब है कि करीब एक माह पूर्व गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र स्थित उसास आहर के समीप मिथलेश यादव का शव बरामद हुआ था. प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका सामने आने के बाद पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ की थी. हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.
उच्च अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग
कार्रवाई की धीमी रफ्तार को लेकर परिजनों ने उच्च पुलिस अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग की है. वहीं पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान अंतिम चरण में है और जांच पूरी होते ही दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










