औरंगाबाद : मदनपुर में नए BDO दीपक कुमार का हुआ स्वागत, बोले- योजनाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता

नए बीडीओ का स्वागत करते ब्लॉक कर्मी | Prabhat Khabar Network
औरंगाबाद के मदनपुर में नए प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) दीपक कुमार का स्वागत किया गया. उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और भ्रष्टाचार मुक्त कार्यशैली का भरोसा दिलाया. जनता की समस्याओं के त्वरित निष्पादन को प्राथमिकता बताया.
औरंगाबाद के मदनपुर प्रखंड कार्यालय में शनिवार को नवपदस्थापित प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) दीपक कुमार का ब्लॉक कर्मियों ने पुष्पगुच्छ और पौधा भेंट कर स्वागत किया. इस दौरान उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त कार्यशैली का भरोसा दिलाया.
कार्यालय के कर्मियों ने नए बीडीओ को पुष्पगुच्छ (बुके) और एक पौधा भेंट कर उनका अभिनंदन किया. स्वागत से अभिभूत होकर बीडीओ ने सभी अधिकारियों व कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया.
गौरतलब है कि मदनपुर के निवर्तमान बीडीओ अवतुल्य कुमार आर्य का स्थानांतरण भभुआ सदर में हो गया है. इसके बाद विभागीय आदेशानुसार देव प्रखंड के बीडीओ दीपक कुमार को मदनपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी के रूप में अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
'जनता की समस्याओं का होगा त्वरित निष्पादन'
पदभार संभालने के उपरांत नए बीडीओ दीपक कुमार ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं को समाज के हर वर्ग के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी.
उन्होंने कहा कि प्रखंडवासियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा ब्लॉक के कर्मियों के साथ बेहतर आपसी तालमेल बिठाकर काम किया जाएगा. आम जनता की समस्याओं को संजीदगी से सुनकर उनका त्वरित निष्पादन किया जाएगा, ताकि प्रशासन और जनता के बीच परस्पर विश्वास व बेहतर संबंध कायम रहे.
'भ्रष्टाचार व घूसखोरी किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं'
बीडीओ दीपक कुमार ने सभी पंचायत व ब्लॉक स्तरीय कर्मियों से पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और लगन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की.
उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि किसी भी सरकारी योजना या विभागीय कार्य में भ्रष्टाचार व घूसखोरी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. यदि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी पाई गई तो दोषी पर सख्त कार्रवाई होगी.
मौके पर मौजूद रहे कई अधिकारी व कर्मी
स्वागत कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक पंचायती राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) बिनोद कुमार वर्मा, प्रधान लिपिक (बड़ा बाबू) सुरेंद्र सिंह, लिपिक धनंजय कुमार, नाजिर राहुल कुमार, कर्मी मनीष कुमार, सोनू कुमार, गौरव कुमार, गोल्डेन कुमार सहित कई अन्य कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित थे.
Also Read : शेखपुरा बार एसोसिएशन चुनाव आज, 340 अधिवक्ता करेंगे मतदान, अध्यक्ष- महासचिव पद पर कांटे की टक्कर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










