औरंगाबाद में बिहार बंद का असर, डेढ़ से दो घंटे तक जाम रहा NH-139, शांतिपूर्ण रहा प्रदर्शन

Updated:
विज्ञापन
प्रदर्शन करते बंद समर्थक,तैनात पुलिसकर्मी | Prabhat Khabar Network

प्रदर्शन करते बंद समर्थक,तैनात पुलिसकर्मी | Prabhat Khabar Network

नीट परीक्षा में धांधली के विरोध में औरंगाबाद में बिहार बंद का व्यापक असर दिखा. प्रदर्शनकारियों ने NH-139 को करीब दो घंटे तक जाम रखा. छात्र आंदोलनकारियों की रिहाई की मांग भी उठी.

विज्ञापन

Aurangabad News : छात्र आंदोलनकारियों के समर्थन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (आइसा) और इंकलाबी नौजवान सभा के आह्वान पर शनिवार को आयोजित राज्यव्यापी बिहार बंद का असर दाउदनगर में भी देखने को मिला. भखरुआं मोड़ पर प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर विरोध जताया, जिससे औरंगाबाद-दाउदनगर-पटना मुख्य पथ (एनएच-139) और दाउदनगर-गोह-गया मार्ग पर करीब डेढ़ से दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा. हालांकि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा.

इन मांगों को लेकर हुआ प्रदर्शन. शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उठी आवाज

प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच, शिक्षा माफियाओं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा शिक्षा व्यवस्था को पेपर लीक और भ्रष्टाचार से मुक्त करने की मांग उठाई. इसके साथ ही पटना छात्र आंदोलन के दौरान गिरफ्तार दीपांकर मिश्रा, धनंजय पासवान, सबा आफरीन, कुमार दिव्यम, नौशाद अहमद, कुमार परवेज और विधायक संदीप सौरभ सहित सभी आंदोलनकारियों की बिना शर्त तत्काल रिहाई की मांग भी की.

'छात्रों को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा'. नेताओं ने रखी अपनी बात

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं होगी और आंदोलनकारियों पर कथित दमन बंद नहीं होगा, तब तक आंदोलन और अधिक व्यापक तथा संगठित रूप में जारी रहेगा. भाकपा (माले) के टाउन सचिव बिरजू चौधरी ने कहा कि बिहार बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुआ तथा छात्रों ने इस आंदोलन के माध्यम से शिक्षा और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया है.

भारी पुलिस बल रहा तैनात. सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ बंद

बिहार बंद को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. भखरुआं मोड़ सहित संवेदनशील स्थानों पर पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था. सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ.

बड़ी संख्या में शामिल हुए कार्यकर्ता

प्रदर्शन में आइसा नेता कैश खान, शमशाद आलम, गणेश कुमार, विकास कुमार, अरमान अंसारी, मिनहाज शाह, दीपक कुमार, अमानत अंसारी, हसनैन अंसारी, राजा खान, जाहिद अंसारी, बबलू कुरैशी, संजय कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया.


विज्ञापन
Om Prakash

लेखक के बारे में

By Om Prakash

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन