औरंगाबाद के दाउदनगर के भखरुआं मोड़ पर हर दिन लग रहा जाम, बस और ऑटो स्टैंड नहीं होने से बढ़ रही परेशानी

सड़क पर लगे ई-रिक्शा एवं अन्य वाहन
दाउदनगर के भखरुआं मोड़ पर स्थायी बस और ऑटो स्टैंड के अभाव में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. सड़कों पर खड़े वाहन रोजाना जाम और दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं. यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में है.
दाउदनगर . अनुमंडल मुख्यालय का सबसे व्यस्त भखरुआं मोड़ इन दिनों अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था के कारण लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है. बस स्टैंड और ऑटो स्टैंड नहीं होने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-139 और राष्ट्रीय राजमार्ग-120 की सड़कें ही अस्थायी स्टैंड में तब्दील हो गई हैं. इसके चलते प्रतिदिन जाम, अफरातफरी और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है.
सड़क पर खड़े वाहनों से प्रभावित हो रहा आवागमन
भखरुआं मोड़ पर औरंगाबाद-पटना मुख्य मार्ग के अलावा गोह-गया मार्ग पर यात्री बसें सड़क पर ही खड़ी रहती हैं. वहीं दाउदनगर बाजार और रोहतास जिले के नासरीगंज जाने वाले ऑटो और ई-रिक्शा भी सड़क किनारे कतारबद्ध खड़े रहते हैं. इससे सड़क संकरी हो जाती है और वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित होती है.
बस आते ही लग जाता है लंबा जाम
स्थिति तब और गंभीर हो जाती है, जब किसी दिशा से यात्री बस पहुंचती है. बस के आसपास सवारियां बैठाने के लिए दर्जनों ऑटो और ई-रिक्शा एक साथ जमा हो जाते हैं. कुछ ही मिनटों में पूरे चौराहे पर लंबा जाम लग जाता है. ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ती है और कई बार वाहन चालकों से नोकझोंक की स्थिति भी बन जाती है.
यात्रियों की सुरक्षा भी बनी चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऑटो और ई-रिक्शा के लिए निर्धारित स्टैंड नहीं होने से चालक अपनी सुविधा के अनुसार कहीं भी वाहन खड़ा कर देते हैं. वहीं बस स्टैंड के अभाव में यात्री बसें भी सड़क पर ही रुकती हैं. इससे यात्रियों को सड़क किनारे खड़े होकर बस का इंतजार करना पड़ता है और चलती सड़क से ही बसों में चढ़ना-उतरना पड़ता है, जो सुरक्षा की दृष्टि से बेहद जोखिम भरा है.
वर्षों से अटका बस स्टैंड का मामला
स्थानीय नागरिकों के अनुसार पिछले करीब डेढ़ दशक से बस स्टैंड और ऑटो स्टैंड के लिए जमीन चिन्हित करने की चर्चा होती रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है. पिछले अंचलाधिकारी के कार्यकाल में भी भूमि चिन्हित करने की प्रक्रिया शुरू होने की बात कही गई थी, लेकिन मामला आगे नहीं बढ़ सका. आज भी स्थिति जस की तस बनी हुई है.
स्थायी समाधान की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द बस स्टैंड और ऑटो स्टैंड के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि वाहनों के लिए स्थायी स्टैंड बना दिया जाए तो भखरुआं मोड़ पर वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकती है और यातायात व्यवस्था भी सुचारु हो जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










