Aurangabad News : दाउदनगर से शॉपिंग कर लौट रहे किशोर की सड़क दुर्घटना में मौत

Published by : AMIT KUMAR SINGH_PT Updated At : 07 May 2025 10:43 PM

विज्ञापन

Aurangabad News :तीन घायल, एक की हालत गंभीर, एक ही बुलेट पर सवार थे चार दोस्त

विज्ञापन

ओबरा. औरंगाबाद-पटना मुख्य मार्ग पर ओबरा थाना क्षेत्र के तेजपुरा लख के समीप बाइक दुर्घटना में किशोर की मौत हो गयी. वहीं, तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है. उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है. मृतक और तीनों घायल आपस में दोस्त बताये जा रहे हैं. मृतक की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के ही मझियावां गांव निवासी युगल राजवंशी के पुत्र मुकेश कुमार (18) के रूप में की गयी है. घायलों में उक्त गांव के ही लालकेश्वर सिंह का पुत्र बृज कुमार (18), राजेश पासवान का पुत्र छोटू कुमार (20) व धीरज कुमार (20) शामिल है. दुर्घटना के बाद उस जगह पर अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों की मदद से धीरज को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल दाउदनगर भेजा गया, जबकि अन्य तीनों युवकों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया. वहीं, बृज की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में भर्ती कर छोटू का इलाज जारी है. जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम उक्त चारों दोस्त घर से एक ही बाइक पर सवार होकर शॉपिंग करने दाउदनगर बाजार गये थे. लौटने के दौरान तेजपुरा लख के समीप सड़क पर उभरे ठोकर के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पलट गयी. हालांकि, उक्त गांव के ग्रामीणों का कहना है कि एक अज्ञात वाहन बाइक सवारों को रौंदती हुई निकल गयी. इसके बाद चारों लोगों को गंभीर चोटें लगी. मामला जो हो यह पुलिसिया जांच के बाद ही स्पष्ट हो जायेगा. इधर, मृतक मुकेश अपने चार भाई -बहनों में दूसरे नंबर पर था. बड़ी बहन की शादी हो चुकी थी. मुकेश के पिता किसान है. पिछले साल ही मैट्रिक पास करने के बाद वह औरंगाबाद में रहकर इंटर की पढ़ाई कर रहा था. कुछ दिन पहले ही औरंगाबाद से अपने घर गया था. इधर, सदर अस्पताल में युवक की मौत की सूचना पर नगर थाना की पुलिस वहां पहुंची तथा शव को कब्जे में लेते हुए पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बुधवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया. घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है, वहीं मझियावां गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINGH_PT

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINGH_PT

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन