Aurangabad News : इलाज के दौरान व्यक्ति की मौत
Published by : AMIT KUMAR SINGH_PT Updated At : 20 Jan 2026 10:15 PM
Aurangabad News: परिजनों ने डॉक्टर पर गलत उपचार का लगाया आरोप
कुटुंबा. कुटुंबा के गोवास गांव निवासी अशोक पासवान 48 वर्ष की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई. मौत को लेकर परिजनों ने निजी क्लीनिक के डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया. परिजनों के अनुसार अशोक पासवान छत्तीसगढ़ के एक प्लांट में मजदूरी का काम करता था और 17 जनवरी को ही घर लौटा था. घर आने के बाद तबीयत बिगड़ी तो परिजनों ने कुटुंबा पूरब बाजार स्थित एक निजी क्लीनिक में इलाज कराया, जहां इलाज के बाद मौत हो गई. परिजनों ने झोलाछाप चिकित्सक द्वारा गलत दवा दिए जाने से मौत का आरोप लगाया है. घटना के बाद निजी क्लीनिक संचालक क्लीनिक बंद कर फरार हो गया. मृतक के बड़े भाई कृष्णा पासवान ने बताया कि सोमवार को अशोक की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी. उसे तेज बुखार था. उसका निजी क्लीनिक में इलाज कराया. इलाज कराने के कुछ ही देर बाद अशोक की हालत और बिगड़ने लगी. उसकी सांस फूलने लगी और वह बेहोशी की हालत में चला गया. इसके बाद परिजन आनन-फानन में उसे लेकर कुटुंबा रेफरल अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने नब्ज टटोलते ही उसे मृत घोषित कर दिया. इधर मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. लोगों ने निजी क्लीनिक संचालक पर लापरवाही और गलत इलाज का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की. इधर, रेफरल अस्पताल में ओपीडी में तैनात चिकित्सक डॉ. सुजीत कुमार पांडेय ने बताया कि जब अशोक को अस्पताल लाया गया था, तब उसकी सांस लेने में गंभीर दिक्कत हो रही थी. प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, मौत का स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा. घटना की सूचना मिलते ही कुटुंबा थानाध्यक्ष इमरान आलम पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और स्थिति को संभाला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. आवेदन मिलने पर संबंधित निजी क्लीनिक संचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इधर घटना के बाद मृतक की पत्नी जानकी देवी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










