औरंगाबाद में हर घर तिरंगा अभियान के तहत 12 और 14 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा
तिरंगा अभियान में सहभागिता निभाते बच्चे
औरंगाबाद में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 'हर घर तिरंगा' अभियान पूरे जोश से मनाया जा रहा है. जिले भर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. 14 अगस्त को जिला मुख्यालय में एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी.
Aurangabad Har Ghar Tiranga: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत औरंगाबाद जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. अभियान के माध्यम से आमजनों, विद्यार्थियों एवं युवाओं में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है. इसी क्रम में 13वीं बिहार बटालियन (एनसीसी) द्वारा भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया.
आंगनबाड़ी केंद्रों व स्कूलों में हो रहीं गतिविधियां
अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में तिरंगा आधारित गतिविधियां, रंगोली, देशभक्ति गीत सहित अन्य रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं. इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों और युवाओं को राष्ट्रध्वज के महत्व और देश के प्रति जिम्मेदारियों के बारे में जागरूक किया जा रहा है.
14 अगस्त को जिला मुख्यालय में निकलेगी तिरंगा यात्रा
जिला मुख्यालय में 14 अगस्त को अनुग्रह इंटर विद्यालय (गेट स्कूल) से अनुग्रह नारायण सिंह नगर भवन तक तिरंगा यात्रा निकाली जायेगी. वहीं, सभी प्रखंडों में 12 अगस्त को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जायेगा. प्रशासन ने यात्रा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की है.
9 से 17 अगस्त तक चलेगा अभियान
प्रशासन के अनुसार 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं. जिला प्रशासन की ओर से जिलेवासियों से अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने तथा अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की गयी है.
इसके साथ ही लोगों से अभियान से संबंधित तस्वीरें एवं सेल्फी अपलोड करने की भी अपील की गयी है. प्रशासन का उद्देश्य अभियान के माध्यम से जिले में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











