औरंगाबाद: भारी भीड़ के बीच पहाड़ से गिरे ओबरा के दो श्रद्धालु, मौत की खबर मिलते ही बिगड़ी पत्नी की तबीयत

Updated:
विज्ञापन

गुप्ता धाम में हुई भगदड़ में प्रयाग महतो और शंभू मेहता की मौत

Guptadham Accident: ओबरा प्रखंड के अमरपुरा और शंकरपुर गांव में मंगलवार को एक दुखद घटना हुई. गुप्ता धाम में भारी भीड़ के बीच पहाड़ से गिरकर दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई. इस हादसे से दोनों गांवों में मातम पसर गया है.

विज्ञापन

Guptadham Accident: ओबरा प्रखंड क्षेत्र के अमरपुरा और शंकरपुर गांव के दो परिवारों पर मंगलवार को दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. रोहतास के कैमूर पहाड़ी पर स्थित गुप्ता धाम में भारी भीड़ के दौरान पहाड़ पर चढ़ने के क्रम में गिरने से दो श्रद्धालुओं की मौत हो गयी. मृतकों की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के महथू टोले, अमरपुरा गांव निवासी 50 वर्षीय प्रयाग महतो तथा शंकरपुर गांव निवासी 35 वर्षीय शंभू मेहता के रूप में हुई है.

दोनों अपने गांव के ही रामजी मेहता के साथ घर से गुप्ता धाम दर्शन के लिए निकले थे.

भारी भीड़ के बीच पहाड़ पर चढ़ने के दौरान हुआ हादसा

बताया जाता है कि मंगलवार को गुप्ता धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गयी. इसी दौरान पहाड़ पर चढ़ने के क्रम में प्रयाग महतो और शंभू मेहता गिर गये, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.

साथ गये रामजी मेहता ने घटना की जानकारी फोन के माध्यम से दोनों के परिजनों को दी. सूचना मिलते ही परिवार के लोग गुप्ता धाम के लिए रवाना हो गये.

गांव में खबर पहुंचते ही पसरा मातम

इधर, घटना की खबर गांव में पहुंचते ही अमरपुरा और शंकरपुर में मातम पसर गया. मृतकों के घर पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. ग्रामीणों ने बताया कि शंकरपुर निवासी शंभू मेहता अनुग्रह नारायण स्टेशन पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे.

वहीं, अमरपुरा निवासी प्रयाग महतो बेहद गरीब परिवार से थे और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे.

पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी की बिगड़ी तबीयत

प्रयाग महतो की पत्नी शांति देवी को जैसे ही पति की मौत की जानकारी मिली, वह सदमे में आ गयीं. परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया. प्रयाग महतो के दो पुत्र और दो विवाहित पुत्रियां हैं.

वहीं, शंभू मेहता के परिवार में पत्नी संजू देवी और दो पुत्र प्रिंस कुमार व प्रीतम कुमार हैं. दोनों परिवारों के लिए यह हादसा अपूरणीय क्षति बन गया है.

पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग

पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अशोक मेहता ने बताया कि गुप्ता धाम में भगदड़ जैसी स्थिति के दौरान दो लोगों की मौत हो गयी है. घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है.

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है.

इसे भी पढ़ें: गोपालगंज के थावे में दहेज की बलि चढ़ी दो बच्चों की मां, 2 लाख रुपये के लिए सास-ननद ने ली जान, दो हिरासत में एक ननद फरार


विज्ञापन
ब्रजेश द्विवेदी

लेखक के बारे में

By ब्रजेश द्विवेदी

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन