Auranhabad News : शेड से लेकर वार्ड व औषधि भंडार तक होंगे आधुनिक

Published by : AMIT KUMAR SINGH_PT Updated At : 21 Jan 2026 9:37 PM

विज्ञापन

Aurangabad News: बीआरबीसीएल सीएसआर फंड से करायेगी दाउदनगर पीएचसी का कायाकल्प

विज्ञापन

दाउदनगर. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के जर्जर हो चुके भवन को लेकर लंबे समय से उठ रही मांग अब साकार होती दिख रही है.वर्षों से उपेक्षा का दंश झेल रहे इस स्वास्थ्य केंद्र के कायाकल्प की दिशा में ठोस पहल शुरू हो चुकी है. भारतीय रेल बिजली कंपनी लिमिटेड (बीआरबीसीएल) की ओर से सीएसआर फंड के माध्यम से पीएचसी के इंफ्रास्ट्रक्चर को दुरुस्त किया जायेगा. इस योजना के तहत करीब एक करोड़ 15 लाख रुपये की राशि स्वास्थ्य केंद्र के विभिन्न निर्माण कार्यों पर खर्च की जाएगी, जिससे मरीजों, उनके परिजनों के साथ-साथ चिकित्सकों और कर्मियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.पहले चरण में मरीजों के बैठने की सुविधा को प्राथमिकता दी गयी है. इसके तहत पीएचसी परिसर में एक आधुनिक शेड का निर्माण कराया जायेगा. इस शेड की अनुमानित लागत 11 लाख 86 हजार 300 रुपये बतायी गयी है. शेड निर्माण के लिए जगह उपलब्ध कराने के लिए पीएचसी गेट के पास स्थित पुराने और जर्जर भवन को जेसीबी मशीन से गिरा दिया गया है. हांलाकि, अभी काम की शुरुआत नहीं हुई है. सूत्रों के अनुसार, इसी स्थान पर मरीजों और उनके परिजनों के लिए बैठने का शेड बनेगा, जिससे धूप, बारिश और गर्मी में लोगों को राहत मिलेगी.

औषधि भंडार कक्ष का होगा निर्माण

इसके अलावा पीएचसी में लंबे समय से महसूस की जा रही औषधि भंडार कक्ष की कमी भी अब दूर होने वाली है. 35 लाख 55 हजार रुपये की लागत से एक अलग दवा भंडार कक्ष का निर्माण प्रस्तावित है. वर्तमान में पीएचसी दाउदनगर में स्टोर रूम नहीं होने के कारण दवाओं का भंडारण हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर जिनोरिया में किया जाता है, जो यहां से लगभग सात किलोमीटर दूर स्थित है. दवा की आवश्यकता पड़ने पर स्वास्थ्य कर्मियों को जिनोरिया तक जाना पड़ता है, जिससे समय और संसाधनों की बर्बादी होती है. नये औषधि भंडार कक्ष के निर्माण से यह समस्या स्थायी रूप से समाप्त हो जायेगी.

वार्ड निर्माण की भी योजना

सूत्रों से पता चला कि योजनाओं के तहत लगभग 61 लाख 11 हजार 700 रुपये की लागत से महिला और पुरुष वार्ड के साथ-साथ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के लिए कक्षों का भी निर्माण कराये जाने की योजना है. इससे मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी और स्टाफ को भी सुचारु रूप से कार्य करने का अनुकूल वातावरण प्राप्त होगा. इन सभी योजनाओं कके कार्यान्वयन में तेजी आने की संभावना है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINGH_PT

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINGH_PT

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन