औरंगाबाद: इलाज के लिए बाहर गया परिवार, चोरों ने घर किया साफ; SIT ने बरामद किए चोरी के गहने, आरोपी गिरफ्तार

बरामद गहने और गिरफ्तार आरोपी के साथ पुलिस
Aurangabad News: औरंगाबाद के दाउदनगर थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में बंद घर का ताला तोड़कर हुई चोरी की बड़ी घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने आभूषणों की बरामदगी के साथ एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है.
दाउदनगर से ओम प्रकाश की रिपोर्ट :
Aurangabad News : औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना की पुलिस ने चोरी की एक बड़ी घटना का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में चोरी के सोना-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं. चोरी की यह बड़ी घटना दाउदनगर थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव निवासी ललन चौधरी के घर पर घटी थी. ललन चौधरी द्वारा 18 अप्रैल को दाउदनगर थाना में कांड संख्या 256/26 दर्ज कराया गया था, जिसमें कहा गया था कि 27 जनवरी से नौ अप्रैल के बीच उनके बंद घर का ताला तोड़कर प्राथमिकी के नामजद आरोपी पवन कुमार उर्फ पवन पटेल द्वारा सोना-चांदी के जेवरातों की चोरी कर ली गई थी.
SDPO ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी, SIT ने किया खुलासा
एसडीपीओ (SDPO) अशोक कुमार दास ने दाउदनगर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस अधीक्षक(SP) के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दाउदनगर के नेतृत्व में थाना स्तर से एक विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया था. एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज को देखने, आसूचना संकलन और तकनीकी अनुसंधान के माध्यम से नामजद आरोपी महमदपुर निवासी पवन कुमार उर्फ पवन पटेल को चोरी के सभी सामानों के साथ गिरफ्तार किया.
बरामद हुए सोने और चांदी के आभूषणों की सूची
एसडीपीओ ने बताया कि ललन चौधरी के घर से चोरी हुए शत-प्रतिशत जेवरातों को बरामद कर लिया गया है. बरामद सोने के जेवरातों में एक पीस सोने की चैन, चार पीस सोने का कंगन, 12 पीस सोने के कान का टप, एक का पांच पीस टप, एक मंगलसूत्र, एक जिउतिया, दो दुर्गा जी का लॉकेट, तीन अंगूठी और दो कानबाली शामिल हैं. वहीं, चांदी के जेवरातों में 17 झुमका पायल, दो बच्चों का पायल, एक सिकड़ी, चार बाला, 26 बिछिया, चार अंगूठी, दो कानबाली, एक सिक्का और एक लॉकेट बरामद किया गया है. इसके साथ ही 17 ज्वेलर्स के कागजात भी बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार नामजद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.
बंद घर को चोरों ने बनाया था निशाना, छापेमारी टीम में ये रहे शामिल
बताया जाता है कि मकान मालिक ललन चौधरी अपने परिजनों के साथ इलाज कराने के लिए तीन-चार महीने तक कहीं बाहर गए हुए थे. इस दौरान उनका घर पूरी तरह बंद था और इसी सूनेपन का फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया. हालांकि, पुलिस की सक्रियता से घटना का सफल खुलासा हो गया. इस सफल छापेमारी टीम में दाउदनगर एसएचओ विकास कुमार, सब इंस्पेक्टर सच्चिदानंद मिश्रा, सब इंस्पेक्टर परमानंद कुमार यादव, सुदीश कुमार, अभिषेक कुमार और सिपाही प्रशांत कुमार एवं सोनू कुमार मुख्य रूप से शामिल थे.
Also Read: औरंगाबाद में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, शराब लदी हुंडई कार जब्त, ड्राइवर फरार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सूर्यकांत कुमार
सूर्यकांत कुमार तीन वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. स्थानीय और हाइपरलोकल पत्रकारिता में विशेष अनुभव रखते हैं. कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर का भी व्यावहारिक अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक डिजिटल न्यूज चैनल से की और विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करते हुए समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










