एक की मौत, 15 झुलसे

Published at :29 Apr 2016 2:00 AM (IST)
विज्ञापन
एक की मौत, 15 झुलसे

गंभीर रूप से घायल तीन बराती मगध मेडिकल, गया रेफर औरंगाबाद (ग्रामीण) : औरंगाबाद जिले के ढिबरा थाना क्षेत्र के बालूगंज से पलामू जिले के अघोरा गांव जा रही बरातियों से भरी बस कबरा खुर्द के पास बिजली प्रवाहित तार की चपेट में आ गयी. इस घटना में बालूगंज निवासी जितेंद्र राम की मौत हो […]

विज्ञापन
गंभीर रूप से घायल तीन बराती मगध मेडिकल, गया रेफर
औरंगाबाद (ग्रामीण) : औरंगाबाद जिले के ढिबरा थाना क्षेत्र के बालूगंज से पलामू जिले के अघोरा गांव जा रही बरातियों से भरी बस कबरा खुर्द के पास बिजली प्रवाहित तार की चपेट में आ गयी. इस घटना में बालूगंज निवासी जितेंद्र राम की मौत हो गयी व बस की छत पर बैठे करीब 15 बराती करंट की चपेट में आकर झुलस कर घायल हो गये.
झुलसने वाले बालूगंज के कपिल राम, संजय चौधरी, संतोष राम, प्रीतम कुमार, संजय चौधरी, कमलेश कुमार, विजय कुमार, लालेश्वर कुमार, मौआर खैरा के शिव कुमार, तेताइन गांव के विजय कुमार, चंद्रदीप राम व मुंशी बिगहा के जगन पासवान सहित सभी जख्मियों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में ले जाया गया. इसके बाद सभी को औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. गुरुवार की सुबह तीन लोगों की स्थिति गंभीर देखते हुए मगध मेडिकल कॉलेज, गया रेफर कर दिया गया. यह घटना बुधवार के रात की है. जानकारी के अनुसार, देव प्रखंड के तेतराइन गांव से रामजी पासवान के बेटे त्रिलोक कुमार की शादी झारखंड के पलामू जिले के हैदरनगर थाने के अघोरा गांव में तय हुई थी.
बुधवार की दोपहर बराती विभिन्न वाहनों से अघोरा के लिए प्रस्थान कर गयी थी. करीब 40 से 50 बरातियों को लेकर बस जैसे ही अघोरा गांव के पहले कबरा खुर्द गांव के पास पहुंची, वैसे ही सड़क पर झूल रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली प्रवाहित तार की चपेट में बस आ गयी. इससे बस की छत पर बैठे बरातियों में अफरातफरी मच गयी. किसी को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला. आनन-फानन में किसी तरह स्थानीय लोगों ने बस से बिजली प्रवाहित तार को अलग किया.
इसके बाद जाकर दर्जनों लोगों की जान बची. इस दौरान जितेंद्र राम की मौत हो गयी, जबकि 15 लोग पूरी तरह झुलस कर जख्मी हो गये. किसी तरह शादी की रस्म पूरी की गयी. इधर, सदर अस्पताल में जख्मियों को देखने व उनका हाल जानने के लिए कई लोग पहुंचे.
कुटुंबा के कांग्रेस विधायक राजेश कुमार अपने कार्यकर्ताओं के साथ अस्पताल पहुंचे व जख्मियों का हाल जाना. विधायक ने अस्पताल के उपाधीक्षक को बुला कर जख्मियों के इलाज में कोई कोताही नहीं बरतने का निर्देश दिया. पश्चिमी केताकी पंचायत के निवर्तमान मुखिया मनीष राज पाठक भी अस्पताल पहुंचे व जख्मियों का हाल जाना. इस घटना के बाद बालूगंज व तेतराइन गांव में मातम का माहौल कायम हो गया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन