ऑटो व ट्रक की टक्कर में मासूम की मौत, 11 लोग घायल

Published by :SUJIT KUMAR
Published at :25 Apr 2026 5:09 PM (IST)
विज्ञापन
ऑटो व ट्रक की टक्कर में मासूम की मौत, 11 लोग घायल

बिराटपुर मुहल्ले से ऑटो पर सवार होकर लौट रहे थे दिहुली गांव

विज्ञापन

रफ्तार की मार.

जन्मदिन की पार्टी मनाकर लौट रहा था परिवार, करहारा पुल के पास हुआ हादसा

बिराटपुर मुहल्ले से ऑटो पर सवार होकर लौट रहे थे दिहुली गांव

जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं, ऑटो के परखचे उड़े

फोटो नंबर-6- सदर अस्पताल में मृतक के पिता को ढांढ़स बंधाते समाजसेवी. 6ए- सदर अस्पताल में लगी भीड़.

प्रतिनिधि, औरंगाबाद कार्यालय

राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के करहारा पुल पर शनिवार की सुबह सवारियों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गया. इस भीषण दुर्घटना में 12 वर्षीय एक मासूम बच्चे की मौत हो गयी, जबकि तीन महिलाओं और चार बच्चों सहित कुल 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. मृतक की पहचान दिहुली गांव निवासी सुभाष कुमार के पुत्र पियुष कुमार के रूप में हुई है. घायलों में बसंती देवी, रागिनी कुमारी, रंजनी देवी, प्रियंका कुमारी, आदर्श कुमार, शिल्पी कुमारी, शालिनी कुमारी और ऑटो चालक सचिन कुमार शामिल हैं. सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मगध मेडिकल कॉलेज, गया रेफर कर दिया गया है. मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुए सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य और रिश्तेदार हैं. यह परिवार शुक्रवार की रात बिराटपुर मुहल्ले में गोपाल राम की पुत्री मुन्नी कुमारी के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने आया था. रात में रुकने के बाद शनिवार की सुबह सभी लोग ऑटो पर सवार होकर अपने गांव दिहुली लौट रहे थे. इसी दौरान करहारा पुल के समीप यह दुखद घटना घटित हुई.

चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार बनी काल

अस्पताल में उपचाराधीन घायलों ने बताया कि घटना का मुख्य कारण ऑटो चालक की लापरवाही थी. ऑटो में करीब एक दर्जन लोग सवार थे और चालक उसे अत्यधिक तेज गति से चला रहा था. जैसे ही ऑटो करहारा गेट से ओवरब्रिज पर चढ़ा, वह अनियंत्रित होकर सीधे सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गयी. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान पीयूष ने दम तोड़ दिया. सिमरा गांव निवासी ऑटो चालक सचिन कुमार की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है.

अस्पताल पहुंचे जनप्रतिनिधि, विधायक ने जताया दुख

घटना की सूचना मिलते ही सदर अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना पाकर जिला पार्षद शंकर यादवेंदू, पैक्स अध्यक्ष शंभु यादव, शैलेंद्र सिंह और युवा नेता शहनवाज रहमान उर्फ सल्लू खान अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार में मदद की. इधर, रफीगंज विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने इस सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि यह अत्यंत हृदयविदारक घटना है और वे पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन कर रही है. इसमें आरोपित चालक के विरुद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.

विज्ञापन
SUJIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUJIT KUMAR

SUJIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन