श्रीरंग बड़ी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, पूजा-अर्चना के बाद ग्रहण किया प्रसाद

श्रीरंग जी बड़ी मंदिर में भगवान श्रीरंग जी का अभिषेक करते पुजारी.
बड़हरा के गुंडी गांव स्थित श्रीरंग जी बड़ी मंदिर में गुरु पूर्णिमा का पर्व धूमधाम से मनाया गया। मंदिर में विशेष पूजा और महाप्रसाद का आयोजन किया गया।
बड़हरा प्रखंड अंतर्गत गुंडी गांव स्थित प्रसिद्ध श्रीरंग जी बड़ी मंदिर में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर मंदिर परिसर में विविध धार्मिक कार्यक्रमो का आयोजन किया गया, जिसमे आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या मे श्रद्धालु शामिल हुए. पूरे दिन मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और गुरु वंदना से भक्तिमय बना रहा.कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ पूर्णमासी कथा से हुई.
गुरु-शिष्य परंपरा की बतायी गयी महत्ता
कथा के दौरान विद्वान आचार्यो ने गुरु की महिमा, सनातन संस्कृति में गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व तथा धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी. श्रद्धालुओ ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ कथा का श्रवण किया.कथा के दौरान मंदिर परिसर "जय श्रीरंगनाथ \" और \"गुरुदेव की जय " के जयघोष से गूंजता रहा.कथा के उपरांत मंदिर में श्री रामानुज स्वामी का वैदिक रीति-रिवाजो के अनुसार अभिषेक एवं दीक्षा संस्कार संपन्न कराया गया. पीठाधीश्वर एवं विद्वान आचार्यो के सान्निध्य में संपन्न हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओ ने गुरु के श्रीचरणो में नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया. इस दौरान श्रद्धालुओ ने धर्म, सेवा, सदाचार और मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया.धार्मिक अनुष्ठानो के समापन के बाद भगवान श्रीरंगनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की गई.
श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद
इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओ के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया. प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओ की लंबी कतारे लगी रही. मंदिर परिसर में पूरे दिन भजन-कीर्तन, संकीर्तन और आध्यात्मिक प्रवचनो का आयोजन होता रहा, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा. गुरु पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर गुंण्डी गांव सहित आसपास के कई गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओ ने कार्यक्रम में बढ़- चढ़कर भाग लिया. श्रद्धालुओ ने कहा कि गुरु ही जीवन को सही दिशा देने वाले प्रकाश स्तंभ है, और गुरु पूर्णिमा का पर्व गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करने का सर्वोत्तम अवसर है. आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति एवं स्थानीय श्रद्धालुओ की सक्रिय भूमिका रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संतोष कुमार सिंह
संतोष कुमार सिंह 20 वर्षों से पत्रकारिता कर रहे हैं. प्रिंट, डिजिटल और प्रमुख मीडिया ऐप्स (न्यूज प्लेटफॉर्म्स) पर काम का अनुभव रखने वाले संतोष की राजनीति, अपराध और धर्म-संस्कृति की खबरों पर पैनी नजर रहती है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










