गुरुद्वारा में भक्ति के साथ मनाया जा रहा प्रकाश पर्व
Published by : MRIGENDRA MANI SINGH Updated At : 18 Jan 2026 7:52 PM
लोगों ने की सुख समृद्धि की कामना
सिमराहा. फारबिसगंज प्रखंड के सिमराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत खाश हलहलिया अकाल सर साहिब गुरुद्वारा में सिख धर्म के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का 359 वां प्रकाश पर्व भक्ति, श्रद्धा व उल्लास के वातावरण में मनाया जा रहा है. इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा परिसर पूरी तरह से गुरुवाणी व कीर्तन की मधुर ध्वनि से गुंजायमान है. कार्यक्रम के तहत पिछले तीन दिनों से लगातार अखंड पाठ का आयोजन किया जा रहा है. जिसमें दूर-दराज से आये श्रद्धालु गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं. रविवार को प्रकाश पर्व के मुख्य अंतिम दिन विशेष दीवान सजाया गया, जहां रागी जत्थों द्वारा शबद-कीर्तन व भजन प्रस्तुत किये गये. कीर्तन के माध्यम से गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के जीवन, उनके बलिदान, वीरता व मानवता के संदेशों का भावपूर्ण वर्णन किया गया. कीर्तन सुनकर संगत भाव-विभोर हो उठी व पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार देखने को मिला. इस अवसर पर गुरुद्वारा में गुरु का अटूट लंगर भी चलाया गया, जिसमें जाति, धर्म व वर्ग से ऊपर उठकर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक पंक्ति में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया. कार्यक्रम में पटना साहिब धर्म सभा के अध्यक्ष व किशनगंज निवासी लखविंदर सिंह लख्खा, सुपौल से सूरज सिंह नलुआ, किशनगंज से लवली सिंह, पूर्णिया से नवजोत सिंह, दलजीत सिंह, संजीव सिंह, चरंचजित सिंह व सतविंदर सिंह रागी की गरिमामयी उपस्थिति रही. इनके अलावा खाशहलहलिया गुरुद्वारा के प्रधान संजय सिंह, नारायण सिंह, बिरेंद्र सिंह, किशन सिंह, सचिदानंद सिंह, प्रमोद सिंह, दिलीप सिंह, शंकर सिंह सहित कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए. सामाजिक क्षेत्र से जुड़े डॉ. शिवनारायण यादव, डॉ. संजय यादव व पंचायत के मुखिया अशोक कुमार यादव ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के विचारों को आत्मसात करने का संदेश दिया. अंत में अरदास के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया, जिसमें क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गयी. आयोजन को सफल बनाने में गुरुद्वारा समिति, स्थानीय ग्रामीणों और सेवादारों का सराहनीय योगदान रहा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










