हत्या या आत्महत्या, संदेहास्पद मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

थाना क्षेत्र की एक महिला की संदेहास्पद स्थिति में हुई मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है. पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुट गयी है
भरगामा. थाना क्षेत्र की एक महिला की संदेहास्पद स्थिति में हुई मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है. पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुट गयी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह आत्महत्या है या हत्या. थाना क्षेत्र धनेश्वरी पंचायत के बैजूपट्टी वार्ड 06 निवासी मुकेश कुमार उर्फ पुकेश की शादी सात साल पहले गांव की ही अनिता कुमारी से हुई थी. शादी के बाद दोनों हरियाणा के गुरुग्राम में रहकर मेहनत-मजदूरी कर जीवन-यापन कर रहे थे. शुरुआती कुछ सालों तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में रिश्तों में दरार आनी शुरू हो गयी. सूत्रों के अनुसार मुकेश कुमार का किसी अन्य युवती से प्रेम संबंध था. जिसकी भनक उसकी पत्नी अनिता कुमारी को लग गयी. इस कारण दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा. जो आए दिन झगड़ों व मारपीट में बदल गया. सोमवार को गुरुग्राम स्थित आवास में अनिता कुमारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला. पड़ोसियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. अनिता कुमारी के परिजनों का आरोप है कि मुकेश ने उसकी हत्या की है. उनका कहना है कि प्रेम विवाह के बाद उन्होंने मुकेश को 10 कट्ठा जमीन दी थी, लेकिन मुकेश ने उसे आर्थिक तंगी के कारण बेच दिया. इसके बाद से वह अनिता को प्रताड़ित करने लगा व अंततः उसकी हत्या कर दी. भरगामा थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मामले की सूचना परिजनों द्वारा दी गयी है. चूंकि घटना हरियाणा के गुरुग्राम में हुई है, इसलिए केस वहीं दर्ज किया जायेगा. स्थानीय पुलिस मृतका के परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है. अब पुलिस की जांच से ही साफ हो पायेगा कि यह आत्महत्या थी या किसी साजिश के तहत अंजाम दी गयी हत्या.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




