अररिया में सिटी रिक्शा से धक्का देकर युवक को किया गंभीर घायल, 64 हजार रुपये छीनने का आरोप
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 18 May 2026 9:34 AM
Forbisganj News
Forbisganj News: अररिया जिले के फारबिसगंज में सिटी रिक्शा चालक पर एक युवक को चलती गाड़ी से धक्का देकर गंभीर रूप से घायल करने और 64 हजार रुपये छीन लेने का सनसनीखेज आरोप लगा है. घायल युवक का इलाज भागलपुर में चल रहा है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
Forbisganj News: अररिया के फारबिसगंज से मो कलीम उद्दीन का रिपोर्ट. सिमराहा थाना क्षेत्र के मदारगंज निवासी एक युवक के साथ कथित लूट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है. पीड़ित परिवार का आरोप है कि सिटी रिक्शा चालक ने पहले युवक की जेब से 64 हजार रुपये छीन लिये और फिर चलती रिक्शा से धक्का देकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना 15 मई की बतायी जा रही है. मामले को लेकर थाना में लिखित आवेदन दिया गया है.
फल खरीदने जा रहा था युवक, रास्ते में हुआ हमला
पीड़ित युवक डिंपल चौधरी के पिता दिनेश चौधरी ने थाना में दिये गये आवेदन में बताया कि उनका 32 वर्षीय पुत्र 15 मई की सुबह सिमराहा से सिटी रिक्शा पर सवार होकर फारबिसगंज फल खरीदने जा रहा था. इसी दौरान ढोलबज्जा मंडल चौक के आगे पहुंचते ही रिक्शा चालक और उसके साथ मौजूद लोगों ने साजिश के तहत युवक की जेब से 64 हजार रुपये निकाल लिये.
आरोप है कि विरोध करने पर चालक ने युवक को चलती रिक्शा से धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया. घायल अवस्था में जब युवक ने रिक्शा रोकने की कोशिश की तो चालक ने वाहन वापस मोड़कर उसे जोरदार टक्कर मार दी.
दोनों हाथ की हड्डी टूटी, सिर में लगी गंभीर चोट
परिजनों के अनुसार हादसे में डिंपल चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके दोनों हाथ की हड्डियां टूटकर बाहर निकल गयीं, जबकि सिर में भी गंभीर चोट लगी. घायल युवक को पहले अनुमंडलीय अस्पताल फारबिसगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया.
वर्तमान में युवक का इलाज भागलपुर के एक अस्पताल में चल रहा है. घटना के बाद परिवार सदमे में है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है.
तीन लोगों को बनाया गया आरोपी
थाना में दिये गये आवेदन में पीड़ित पक्ष ने सिमराहा थाना क्षेत्र के मदारगंज वार्ड संख्या 12 निवासी साजिद समेत जमशेद और शमशेद को आरोपी बनाया है. पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है.
अपर थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: जीतनराम मांझी की समधन के काफिले पर हमला, बाल-बाल बची ज्योति मांझी, जानिए क्या है पूरा मामला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










