अररिया में सनातन धर्म पर टिप्पणी के खिलाफ सड़कों पर उतरे विहिप और भाजपा कार्यकर्ता, स्टालिन का फूंका पुतला
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 18 May 2026 9:23 AM
Araria Protest News
Araria Protest News: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के सनातन धर्म पर दिए गए बयान को लेकर अररिया में जबरदस्त विरोध देखने को मिला. विश्व हिंदू परिषद और भाजपा कार्यकर्ताओं ने आक्रोश मार्च निकालते हुए जोरदार प्रदर्शन किया और स्टालिन का पुतला दहन किया.
Araria Protest News: अररिया से राहुल सिंह की रिपोर्ट. अररिया में रविवार को विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में सनातन धर्म के समर्थन में विशाल आक्रोश मार्च निकाला गया. इस प्रदर्शन में सांसद प्रदीप कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा समेत बड़ी संख्या में भाजपा और विहिप कार्यकर्ता शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने स्टालिन के बयान को हिंदू आस्था पर हमला बताते हुए कड़ी नाराजगी जतायी और बयान वापस लेने की मांग की.
काली बाजार चौक से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन
आक्रोश मार्च की शुरुआत अररिया के काली बाजार चौक से हुई, जहां पहले सनातन धर्म के समर्थन में सभा आयोजित की गयी. सभा को संबोधित करते हुए सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि सनातन धर्म भारत की प्राचीन संस्कृति और जीवन मूल्यों का आधार है. उन्होंने कहा कि इसके खिलाफ की गयी आपत्तिजनक टिप्पणी करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है.
सभा के बाद बड़ी संख्या में लोग काली मंदिर चौक से चांदनी चौक तक मार्च में शामिल हुए. प्रदर्शन के दौरान “जय श्री राम” और “सनातन धर्म अमर रहे” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा.
स्टालिन का पुतला दहन, बयान वापस लेने की मांग
चांदनी चौक पहुंचने के बाद विहिप और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद प्रदीप कुमार सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा के नेतृत्व में एमके स्टालिन का पुतला दहन किया. प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि स्टालिन सार्वजनिक रूप से सनातनियों से माफी मांगें और अपना बयान वापस लें.
भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने कहा कि कुछ नेता लगातार विवादित बयान देकर समाज में वैमनस्य फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी देश की सामाजिक एकता के लिए नुकसानदायक है.
विहिप ने दी देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री शुभम चौधरी ने कहा कि अगर भविष्य में भी सनातन धर्म के खिलाफ ऐसी टिप्पणियां की जाती रहीं तो देशव्यापी जनआंदोलन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सनातन धर्म करोड़ों लोगों की आस्था का विषय है और इसके अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा. कार्यक्रम में भाजपा और विहिप के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे.
Also Read: जीतनराम मांझी की समधन के काफिले पर हमला, बाल-बाल बची ज्योति मांझी, जानिए क्या है पूरा मामला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










