परमान नदी किनारे बनेंगे डॉल्फिन व्यू प्वाइंट, इको टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा

Author Pankaj jha|Edited by Shruti Kumari
Updated:
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

अररिया जिला प्रशासन ने परमान नदी के संरक्षण और जैव विविधता को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं. डॉल्फिन व्यू प्वाइंट और इको-टूरिज्म स्थल विकसित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय पर्यटन को भी गति मिलेगी.

विज्ञापन

अररिया : परमान नदी सहित जिले की अन्य नदियों के संरक्षण, स्वच्छता और जैव विविधता के संवर्धन को लेकर जिला प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये हैं. समाहरणालय स्थित परमान सभागार में जिलाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में आयोजित जिला गंगा समिति की बैठक में परमान नदी के त्रिसुलिया घाट समेत अन्य प्रमुख पुलों के किनारे डॉल्फिन व्यू प्वाइंट और इको टूरिज्म स्थल विकसित करने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया गया. इसके लिये आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने को कहा गया.

डॉल्फिन संरक्षण के साथ पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

बैठक में जिलाधिकारी ने परमान नदी में अवशिष्ट पृथक्करण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा नदी किनारे व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि त्रिसुलिया घाट सहित अन्य प्रमुख पुलों के समीप डॉल्फिन व्यू प्वाइंट और इको टूरिज्म स्थल विकसित किये जायें, ताकि डॉल्फिन संरक्षण के साथ जिले में पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सके.

प्रदूषण स्रोतों की होगी पहचान

जिलाधिकारी ने नदियों के संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार सुरक्षा जाल लगाने का निर्देश दिया. साथ ही नदी किनारे प्रदूषण के स्रोतों की पहचान कर विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करने तथा प्रदूषण रोकने के लिये प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.

नगर निकायों में बनेंगे शवदाह गृह

बैठक में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने और लोगों को कपड़े के झोले के उपयोग के लिये जागरूक करने पर भी जोर दिया गया. जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों में शवदाह गृह निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया, ताकि नदियों के किनारे होने वाले प्रदूषण पर प्रभावी रोक लगायी जा सके.

बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता बुडको, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.


विज्ञापन
Pankaj Jha

लेखक के बारे में

By Pankaj Jha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन