शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई सिपाही भर्ती परीक्षा

Updated:
विज्ञापन

17 जून को भी जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर सिपाही भर्ती लिखित परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी.

विज्ञापन

डीएम व एसपी ने संयुक्त रूप से कई परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

अररिया. केंद्रीय चयन पर्षद द्वारा सिपाही पद पर भर्ती के लिये लिखित परीक्षा शनिवार को जिले में बनाये गये कुल 19 केंद्रों पर शांति व कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुआ. परीक्षा के सफल आयोजन व विधि व्यवस्था की निगरानी व जांच को लेकर जिलाधिकारी विनोद दूहन ने कई परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया. परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये थे. जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित इस परीक्षा के प्रथम पाली में कुल 7320 परीक्षार्थियों में से 2460 उपस्थित हुए. वहीं शेष 4860 परीक्षार्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे. वहीं दूसरी पाली में 7320 में से 2552 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए शेष 4768 अनुपस्थित थे. परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी विनोद दूहन व पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से जिला मुख्यालय स्थित प्लस टू हाई स्कूल अररिया, प्लस टू गर्ल्स हाई स्कूल अररिया का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित केंद्राधीक्षकों, स्टैटिक दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा को पूरी सतर्कता, निष्पक्षता व कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर कई जरूरी दिशा निर्देश दिये. साथ ही सभी केंद्राधीक्षक, स्टैटिक दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी, उड़नदस्ता दल, पुलिस पदाधिकारी व परीक्षा कार्य से जुड़े अन्य अधिकारियों ने भी सक्रिय रहकर अपने दायित्वों का सफलता पूर्वक निवर्हन किया.

चाक-चौबंद थी सुरक्षा व्यवस्था

इस क्रम में डीएम व एसपी ने जिले के प्रमुख रेलवे स्टेशनों का भी निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था व भीड़ नियंत्रण संबंधी तैयारियों का जायजा लिया. अभ्यर्थियों के आगमन व परीक्षा समाप्ति के बाद एक ही समय में बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के रेलवे स्टेशनों पर एकत्र होने की संभावना को देखते हुए सभी रेलवे स्टेशनों पर भी सुरक्षा संबंधी विशेष इंतेजाम किये गये थे. निरीक्षण के क्रम में डीएम व एसपी ने संबंधित पदाधिकारियों को रेलवे स्टेशनों पर यातायात व भीड़ प्रबंधन को प्रभावी ढंग से संचालित करने, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने व किसी भी आपात स्थिति से निबटने के लिए पूरी तत्परता बनाये रखने का निर्देश दिया. गौरतलब है कि आगामी 17 जून को भी जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर सिपाही भर्ती लिखित परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी.

विज्ञापन
मृगेंद्रमणि सिंह

लेखक के बारे में

By मृगेंद्रमणि सिंह

मृगेंद्रमणि सिंह प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. प्रभात खबर के अररिया कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन