सीसीटीवी फुटेज से टोटो चोरी का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार, वाहन बरामद

सीसीटीवी फुटेज से टोटो चोरी का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार, वाहन बरामद
अररिया. नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी हुई टोटो को कुछ ही घंटों में बरामद कर तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है. इस कामयाबी में सीसीटीवी फुटेज ने अहम भूमिका निभाई. इस्लामनगर निवासी टोटो चालक शाहनवाज ने अपनी टोटो वर्मा सेल पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़ी की व घर से गैस सिलिंडर लेने चले गए. इसी बीच अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाकर टोटो चोरी कर ली. वापस लौटने पर टोटो गायब मिलने के बाद पीड़ित ने आसपास खोजबीन की व फिर नगर थाना अररिया में शिकायत दर्ज कराई. नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले व सघन छानबीन शुरू की. पुलिस की सूझबूझ से मात्र कुछ घंटों के भीतर ही चोरी हुई टोटो बरामद कर ली गई व तीनों आरोपियों को भी धर-दबोचा गया. गिरफ्तार तीनों आरोपी नगर थाना क्षेत्र के अलग-अलग मुहल्लों के रहने वाले हैं. इनकी पहचान इमरान, सद्दाम व शाहनवाज के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार तीनों शातिर चोर हैं. ऐसी कई अन्य घटनाओं में भी इनके शामिल होने की आशंका है. फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है. अन्य कई खुलासे की उम्मीद है. नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक ने बताया, पीड़ित की शिकायत मिलते ही हमारी टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई शुरू की. बहुत कम समय में टोटो बरामद कर तीनों चोरों को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के बाद इन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जायेगा. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन पार्क करते समय हमेशा वाहन को अच्छे से लॉक करें. कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत थाना प्रभारी को सूचित करें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










