भरगामा में पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 41 मवेशियों से लदा ट्रक जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार
Published by : Divyanshu Prashant Updated At : 24 May 2026 3:05 PM
जब्त पशु
Bhargama Cattle Smuggling Truck Seized: अररिया के भरगामा में पुलिस ने देर रात एनएच पर नाकेबंदी कर मवेशी तस्करों के एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है. क्रूरता की हदें पार कर एक ट्रक में ठूंसे गए 41 मवेशियों को पुलिस ने तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है.
Bhargama Cattle Smuggling Truck Seized: भरगामा अररिया से राष्ट्र भूषण पिंटू की रिपोर्ट: भरगामा थाना पुलिस ने शनिवार की रात चलाए गए विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान पशु तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है. पुलिस ने क्रूरतापूर्ण तरीके से ट्रक में ठूंसकर ले जाए जा रहे 41 मवेशियों को जब्त किया है. इस बड़ी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक आरोपी (खलासी) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा.
दिलीप बाबू के पेट्रोल पंप के पास नाकेबंदी, पुलिस को देख भागने लगे तस्कर
थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 23 मई 2026 की रात लगभग 9:30 बजे भरगामा बाजार से रानीगंज की ओर जाने वाले एनएच-327ई पर दिलीप बाबू के पेट्रोल पंप के समीप पुलिस टीम वाहनों की सघन जांच कर रही थी. इसी दौरान एक छह चक्का ईचर (Eicher) ट्रक संख्या BR50GA4054 तेज रफ्तार में आता दिखाई दिया. पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो चालक गाड़ी खड़ी कर उपचालक (खलासी) के साथ कूदकर भागने लगा.
पीछा कर खलासी दबोचा गया, सुपौल का चालक फरार
संदेह होने पर मुस्तैद पुलिस कर्मियों ने तस्करों का पीछा किया और खदेड़कर एक व्यक्ति को दबोच लिया. पकड़े गए आरोपी की पहचान अनिल शर्मा (26 वर्ष), पिता- अयोधी शर्मा, निवासी गैरा थाना क्षेत्र (अररिया) के रूप में हुई है. पुलिसिया पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह इस ट्रक का उपचालक है. वहीं मौके से फरार हुए मुख्य आरोपी ट्रक चालक की पहचान देवेंद्र यादव, निवासी जिला सुपौल के रूप में की गई है.
41 मवेशी जीवित मिले, एक भैंस के बच्चे की दम घुटने से मौत
जब पुलिस टीम ने जब्त ट्रक के डाले को खोलकर उसकी तलाशी ली, तो अंदर का नजारा बेहद दर्दनाक था. मवेशियों को बिना चारा-पानी के बेहद क्रूरतापूर्ण और अमानवीय तरीके से एक के ऊपर एक लादकर बांधा गया था. गिनती करने पर ट्रक से कुल 41 मवेशी जीवित बरामद किए गए, जबकि एक भैंस के बच्चे की दम घुटने के कारण अंदर ही मौत हो चुकी थी. बरामद किए गए सभी मवेशियों में भैंस और उनके बच्चे (पड़ा) शामिल हैं. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक और सभी पशुओं को सुरक्षित थाना परिसर पहुंचा दिया है. फिलहाल किसी भी व्यक्ति ने इन पशुओं पर अपना वैध दावा पेश नहीं किया है.
पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज, छापेमारी जारी
भरगामा थाना पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार उपचालक अनिल शर्मा और फरार मुख्य चालक देवेंद्र यादव के खिलाफ ‘पशु क्रूरता निवारण अधिनियम’ तथा भारतीय न्याय संहिता की अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है, वहीं थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार तस्कर चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और इस सिंडिकेट के मुख्य सरगना का पता लगाया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Divyanshu Prashant
दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










