बच्चों के साथ महिला ने पोखरे में कूद दी जान

पानापुर (सारण) पारिवारिक विवाद से तंग आकर एक महिला ने अपने चार मासूम बच्चों के साथ पोखर में कूद कर आत्महत्या कर ली. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी है. बुधवार को पोखरे से तीन बच्चों के शव बरामद किये. मां व एक बच्ची के शव अभी नहीं मिले हैं. महिला के ससुरालवाले […]
पानापुर (सारण)
पारिवारिक विवाद से तंग आकर एक महिला ने अपने चार मासूम बच्चों के साथ पोखर में कूद कर आत्महत्या कर ली. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी है. बुधवार को पोखरे से तीन बच्चों के शव बरामद किये. मां व एक बच्ची के शव अभी नहीं मिले हैं. महिला के ससुरालवाले फरार हैं और घर में ताला लटका हुआ है.
पानापुर थाना क्षेत्र के खजूरी चंवर स्थित एक पोखर में बुधवार की सुबह तीन बच्चों के शव देख घास काटनेवाले हल्ला करने लगे. थानाध्यक्ष जयप्रकाश व डीएसपी कुंदन कुमार ने मछुआरों की मदद से तीनों शवों को पोखर से निकाला. लोगों ने शवों की पहचान मड़वा बसहियां गांव निवासी रज्जबुल्लाह मियां की आठ वर्षीया पुत्री अफसाना खातून व चार वर्षीय जुड़वां पुत्र व पुत्री के रूप में की. ग्रामीणों ने बताया कि रज्जबुल्लाह जलपाईगुड़ी में रहता है. बताया जाता है कि मछली खाने को लेकर उसकी पत्नी रेहाना खातून का झगड़ा मंगलवार को अपनी सास से हुआ था. इसके बाद से वह अपने चारों बच्चों के साथ घर से गायब थी. पुलिस महिला व उसकी एक अन्य बच्ची की खोज कर रही है.
गुस्से ने छीन ली पांच की जान
महज मछली खाने को लेकर सास-बहू के विवाद ने पांच लोगों की जान ले ली. थाना क्षेत्र के खजुरी चंवर के पोखरे से एक -एक कर तीन मासूम बच्चों की लाश मिलने से फैली सनसनी पूरे दिन इलाके में फैली रही. तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं. वहीं, पुलिस द्वारा मछुआरों की मदद से लाशों की तलाश कराये जाने से क्षेत्र में गहमागहमी बनी रही.
बुधवार की सुबह जब गांव के कुछ लोग चंवर में खर काटने गये, तो वहां स्थित पोखरे में बच्चों की लाश देख सन्न रह गये. उन्होंने आनन-फानन में इसकी सूचना गांव पहुंचायी, जहां से लाश देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. जब लोग वहां पहुंचे, तो पाया कि लाश एक नहीं, तीन मासूम बच्चों की है. ग्रामीणों ने उनकी पहचान मड़वा बसहियां निवासी रज्जबुल्लाह मियां की आठ वर्षीया पुत्री अफसाना खातून व चार वर्षीय जुड़वा पुत्र व पुत्री के रूप में की. लाशों की शिनाख्त होते ही पूरी कहानी स्पष्ट हो गयी. लोगों ने बताया कि उक्त परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है. एज्जबुल्लाह जलपाईगुड़ी में रह कर प्राइवेट नौकरी करता है. मंगलवार की सुबह रज्जबुल के घर मछली खाने को लेकर उसकी पत्नी रेहाना खातून व सास के दरम्यान कहा-सुनी हो गयी थी. इस घटना के बाद तीन बजे शाम से ही वह अपने बच्चों के साथ कहीं चली गयी. घरवालों ने समझा कि वह नाराज होकर मायके चली गयी. मगर, बुधवार की सुबह बच्चों की लाश मिलने पर स्पष्ट हो गया कि उसने पोखरे में बच्चों के साथ आत्महत्या कर ली है. हालांकि स्वयं रेहाना व साढ़े पांच वर्षीया पुत्री मदोदर की लाशें नहीं मिलीं. उक्त दोनों की लाश पोखर में ही कहीं फंसे होने के अंदेशे से पुलिस ने मछुआरों की मदद से पोखरे में जाल डाल कर तलाश अभियान चलाया. घटना की सूचना पर रेहाना के पिता व सतजोड़ा निवासी लुकमान मियां भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने पूर्व से किसी झगड़े या नाराजगी से इनकार किया है. इधर, घटना के खौफ से रेहाना के ससुरालवाले घर में ताला बंद कर फरार बताये जाते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










