ePaper

दो बार की विम्बलडन चैपिंयन इस खिलाड़ी ने टेनिस को कहा अलविदा, US Open में खेला अपना अंतिम मैच

Updated at : 26 Aug 2025 12:50 PM (IST)
विज्ञापन
Tennis Player Petra Kvitova after winning the tournament

टेनिस खिलाड़ी पेत्रा क्वितोवा, फोटो- ANI

Tennis Player Petra Kvitova retirement: दो बार की विम्बलडन चैंपियन पेत्रा क्वितोवा ने अमेरिकी ओपन 2025 के पहले दौर में हार के बाद प्रोफेशनल टेनिस को अलविदा कह दिया. बेटे के जन्म के बाद 17 महीने बाद कोर्ट पर लौटीं क्वितोवा ने अपने शानदार करियर में दो ग्रैंड स्लैम जीते और कई यादगार पल दिए.

विज्ञापन

Tennis Player Petra Kvitova retirement: दो बार की विम्बलडन चैंपियन पेत्रा क्वितोवा ने अमेरिकी ओपन के पहले दौर में डायने पैरी से मिली हार के बाद प्रोफेशनल टेनिस को अलविदा कह दिया. मुकाबले के बाद भावुक हुईं क्वितोवा की आंखें नम हो गईं और दर्शक दीर्घा में मौजूद उनके पति व कोच जिरि वानेक ने उन्हें गले लगाकर सांत्वना दी. पिछले साल बेटे को जन्म देने के बाद करीब 17 महीने बाद कोर्ट पर वापसी करने वाली क्वितोवा पहले ही साफ कर चुकी थीं कि अमेरिकी ओपन उनका आखिरी टूर्नामेंट होगा.

17 महीने बाद कोर्ट पर वापसी

पेत्रा क्वितोवा ने जुलाई 2023 में बेटे को जन्म दिया था और मातृत्व अवकाश के कारण लंबे समय तक कोर्ट से दूर रहीं. करीब डेढ़ साल बाद जब वह कोर्ट पर लौटीं तो सभी की निगाहें उनकी वापसी पर थीं. क्वितोवा ने साल की शुरुआत में ही यह घोषणा कर दी थी कि अमेरिकी ओपन उनका विदाई टूर्नामेंट होगा. यही कारण था कि उनके पहले ही मैच पर टेनिस फैन्स और मीडिया की नजरें टिकी रहीं.

Us open में जीत का जश्न मनाती पेत्रा क्वितोवा, फोटो- एक्स

कोविड संक्रमण ने बढ़ाई मुश्किलें

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्वितोवा ने बताया कि कुछ सप्ताह पहले वह कोविड-19 संक्रमण का शिकार हो गई थीं. इस वजह से उन्होंने अमेरिकी ओपन से नाम वापस लेने तक की सोच ली थी. उन्होंने कहा कि मैच वाले दिन सुबह से ही उन्हें लग रहा था कि सब कुछ ठीक नहीं होगा. वह खा नहीं पा रही थीं, बेहद नर्वस थीं और खुद को संभालना मुश्किल हो रहा था. यह अनुभव उनके लिए बेहद नया और चुनौतीपूर्ण था.

करियर की बड़ी उपलब्धियां

क्वितोवा ने 2011 में विम्बलडन फाइनल में मारिया शारापोवा को हराकर ग्रैंड स्लैम का स्वाद चखा था. इसके बाद 2014 में उन्होंने यूजीन बूचार्ड को मात देकर दूसरा विम्बलडन खिताब जीता. 2019 में ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल में वह नाओमी ओसाका से हार गईं और खिताब से चूक गईं. अपने करियर में क्वितोवा ने कई यादगार जीत दर्ज कीं और अपने दमदार खेल से टेनिस प्रशंसकों के दिलों में खास जगह बनाई.

संघर्ष और वापसी की कहानी

दिसंबर 2016 में उनके करियर पर उस समय संकट आ गया था जब उनके घर में घुसपैठिये ने चाकू से हमला कर दिया. इस घटना में क्वितोवा को गंभीर चोटें आईं और उनके हाथ की बड़ी सर्जरी करनी पड़ी. उस वक्त माना जा रहा था कि उनका करियर खतरे में पड़ गया है, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और लंबी रिकवरी के बाद कोर्ट पर वापसी की. उनकी यह जिजीविषा टेनिस इतिहास में हमेशा याद की जाएगी.

ये भी पढ़ें-

US Open: मेदवेदेव का गुस्सा फूटा, बॉन्जी ने कर दिया सबसे बड़ा उलटफेर

स्टीव बकनर को बॉक्सिंग ग्लव्स, आधार कार्ड, मैक्ग्रा और वॉर्न की धुनाई, सचिन तेंदुलकर ने तफसील से सुनाए सारे किस्से

मीराबाई चानू की धमाकेदार वापसी, 193 किग्रा वजन उठाकर मचाया तहलका, इस चैंपियनशिप में जीता गोल्ड

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola