ePaper

विंबलडन में जोकोविच की आसान जीत

Updated at : 27 Jun 2016 9:24 PM (IST)
विज्ञापन
विंबलडन में जोकोविच की आसान जीत

लंदन : दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने विंबलडन में लगातार तीसरे खिताब के अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए आज यहां पुरुष एकल के पहले दौर में ब्रिटेन के जेम्स वार्ड के खिलाफ सीधे सेटों में 6-0, 7-6, 6-4 से जीत दर्ज की. इस महीने के शुरू में अपना पहला फ्रेंच […]

विज्ञापन

लंदन : दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने विंबलडन में लगातार तीसरे खिताब के अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए आज यहां पुरुष एकल के पहले दौर में ब्रिटेन के जेम्स वार्ड के खिलाफ सीधे सेटों में 6-0, 7-6, 6-4 से जीत दर्ज की.

इस महीने के शुरू में अपना पहला फ्रेंच ओपन खिताब जीतने वाले 12 बार के ग्रैंडस्लैम चैम्पियन सर्बिया के 29 वर्षीय जोकोविच अगर मौजूदा टूर्नामेंट के साथ अपना चौथा विंबलडन खिताब जीत लेते हैं तो वह 1938 में डान बज के बाद लगातार पांच मेजर खिताब जीतने वाले सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बन जाएंगे.

वह साथ ही 1969 में रोड लेवर के बाद कैलेंडर ग्रैंडस्लैम पूरा करने का तीन-चौथाई सफर भी पूरा कर लेंगे. फिलहाल सभी चारों ग्रैंडस्लैम खिताब शीर्ष वरीय जोकोविच के नाम हैं जो अंतिम 32 में जगह बनाने के लिए फ्रांस के एड्रियन मनारिनो का सामना करेंगे.

जोकोविच ने शानदार शुरुआत करते हुए 6-0, 3-0 की बढत बनाई थी लेकिन इसके बाद दुनिया के 177वें नंबर के खिलाड़ी वार्ड कुछ वापसी करने में सफल रहे. जोकोविच ने मैच के बाद कहा, ‘‘पहले नौ गेम में कोई गलती नहीं हुई. जेम्स नर्वस था लेकिन दूसरे सेट में वह बेहतर खेला. कुल मिलाकर मेरे लिए यह ठोस प्रदर्शन रहा.”

दिन के अन्य मुकाबलों में महिला एकल में पांच बार की चैम्पियन वीनस विलियम्स ने क्रोएशिया की युवा डोना वेकिच को 7-6, 6-4 से हराया. इस साल टूर्नामेंट के मुख्य ड्रा में 36 साल की वीनस सबसे अधिक उम्र की खिलाड़ी हैं और उन्होंने 2000 में जब पहली बार विंबलडन खिताब जीता था तो वेकिच सिर्फ चार साल की थी.

रिकार्ड की बराबरी करते हुए 71वें ग्रैंडस्लैम में खेल रही दुनिया की आठवें नंबर की खिलाड़ी वीनस अगले दौर में मारिया शकारी से भिडेगी. दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी अना इवानोविच हालांकि 223वें नंबर की खिलाडी रुस की एकाटेरिना एलेक्सांद्रोवा के खिलाफ 6-2, 7-5 से उलटफेर का शिकार हो गई. इक्कीस साल की एकाटेरिना ग्रैंडस्लैम में पदार्पण कर रही हैं और आज की जीत से पहले उन्होंने अपने पूरे करियर में मुख्य टूर में सिर्फ एक मैच जीता था.

क्रोएशिया के नौवें वरीय और पूर्व अमेरिकी ओपन चैम्पियन मारिन सिलिच ने भी पुरुष एकल में अमेरिका के ब्रायन बेकर को 6-3, 7-5, 6-3 से हराया जबकि स्पेन के 13वें वरीय डेविड फेरर ने इस्राइल के डुडी सेला को 6-2, 6-1, 6-1 से शिकस्त दी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola