मोहम्मद अली के निधन पर भारत में भी शोक, विजेंदर- मेरीकाम ने जताया शोक

Published at :04 Jun 2016 2:22 PM (IST)
विज्ञापन
मोहम्मद अली के निधन पर भारत में भी शोक, विजेंदर- मेरीकाम ने जताया शोक

नयी दिल्ली : विजेंदर सिंह और एमसी मेरीकाम से लेकर शिव थापा तक भारतीय मुक्केबाजों ने महान मुक्केबाज मोहम्मद अली के निधन पर आज शोक व्यक्त किया. अली का 32 साल तक पार्किन्सन की बीमारी से जूझने के बाद कल रात अमेरिका में निधन हो गया. इस तीन बार के विश्व हैवीवेट चैंपियन को फीनिक्स […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : विजेंदर सिंह और एमसी मेरीकाम से लेकर शिव थापा तक भारतीय मुक्केबाजों ने महान मुक्केबाज मोहम्मद अली के निधन पर आज शोक व्यक्त किया. अली का 32 साल तक पार्किन्सन की बीमारी से जूझने के बाद कल रात अमेरिका में निधन हो गया. इस तीन बार के विश्व हैवीवेट चैंपियन को फीनिक्स अस्पताल में गुरुवार को जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था. वह 74 साल के थे.

विजेंदर ने अली के निधन की खबर सुनने के बाद कहा, ‘‘अली महानतम थे और महान व्यक्ति कभी मरते नहीं. इस खेल के लिए उन्होंने जो कुछ किया उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता. यहां तक कि रिंग के बाहर के अपने कार्यों से भी वह अमर बन गये. उन्होंने कई लोगों के लिए बहुत कुछ किया. ” अली का जन्म 17 जनवरी 1942 को कैसियास क्ले के रूप में हुआ था लेकिन बाद में उन्होंने इस्लाम धर्म स्वीकार कर लिया था. उनके नौ बच्चे हैं जिनमें बेटी लैला भी है जो अपने पिता की तरह विश्व चैंपियन मुक्केबाज है. इसके अलावा उनके परिवार में चौथी पत्नी लोनी है.

पांच बार की विश्व चैंपियन मेरीकाम ने कहा, ‘‘यह मुक्केबाजी के लिए बहुत बड़ा नुकसान है. मुझे निजी तौर पर नुकसान का अहसास हो रहा है क्योंकि उन्होंने मुझे और मुझ जैसे कई लोगों को प्रेरित किया. उन्हें हमेशा दमदार मुक्केबाज और साथ ही दमखम वाले व्यक्ति के रुप में याद किया जाएगा। यह खेलों के लिए दुखद दिन है. ”

अभी तक रियो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाले एकमात्र भारतीय मुक्केबाज शिव थापा ने कहा कि अली हमेशा मुक्केबाजी के पर्याय बने रहेंगे. उन्होंने कहा, ‘‘इससे वास्तव में मैं काफी दुखी हूं कि एक महान मुक्केबाज हमारे बीच नहीं रहा. लेकिन महान व्यक्ति कभी मरते नहीं हैं. वे अपने उन कामों के कारण हमेशा जीते हैं जो उन्होंने अपनी जिंदगी में किये. वह हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगे. वह भले ही व्यक्ति के रूप में मौजूद नहीं रहेंगे कि लेकिन उनका नाम हमेशा जिंदा रहेगा क्योंकि जब भी कोई मुक्केबाजी की बात करेगा तो जेहन में पहला नाम अली का आएगा. ”

राष्ट्रमंडल खेलों के पूर्व चैंपियन और भारत के सबसे सफलतम मुक्केबाजों में से एक अखिल कुमार ने भी इस दिग्गज को श्रद्वांजलि दी. उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘आपको हमेशा लीजेंड के तौर पर याद किया जाएगा. मेरे लिए और कई अन्य के सच्चे नायक. ” मुक्केबाजी जगत ही नहीं बल्कि अन्य खेलों से जुडी हस्तियों ने भी उन्हें नमन किया. पूर्व भारतीय कप्तान अनिल कुंबले ने ट्वीट किया, ‘‘सर्वकालिक महान खिलाडी.

ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे. ” पूर्व ओलंपिक रजत पदक विजेता निशानेबाज और वर्तमान सरकार में मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड ने ट्वीट किया, ‘‘संभवत: सबसे महान खिलाडी मोहम्मद अली नहीं रहे। नमन. ” टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना ने लिखा, ‘‘महानतनम मोहम्मद अली का निधन, वास्तव में बेहद दुखद खबर. ”

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola