हांगकांग सुपर सीरीज बैडमिंटन : खिताबी मुकाबले में सिंधू विश्व नंबर वन से हारीं

Published at :26 Nov 2017 7:04 PM (IST)
विज्ञापन
हांगकांग सुपर सीरीज बैडमिंटन : खिताबी मुकाबले में सिंधू विश्व नंबर वन से हारीं

कोवलून : भारतीय स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू का शानदार सफर निराशा के साथ समाप्त हुआ जब उन्हें रविवार यहां 400,000 डाॅलर राशि की हांगकांग सुपर सीरीज की खिताबी भिड़ंत में दुनिया की नंबर एक चीनी ताइपे की ताइ जु यिंग के हाथों लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा. लगातार अपना पांचवां टूर्नामेंट खेल […]

विज्ञापन

कोवलून : भारतीय स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू का शानदार सफर निराशा के साथ समाप्त हुआ जब उन्हें रविवार यहां 400,000 डाॅलर राशि की हांगकांग सुपर सीरीज की खिताबी भिड़ंत में दुनिया की नंबर एक चीनी ताइपे की ताइ जु यिंग के हाथों लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा. लगातार अपना पांचवां टूर्नामेंट खेल रही सिंधू का मैच से पहले ताइ के खिलाफ रिकॉर्ड 3-7 था, लेकिन वह फिटनेस में कहीं भी कमतर नहीं दिखी और पूरे मैच के दौरान कड़ी टक्कर देती रहीं, पर 44 मिनट तक चले महिला एकल फाइनल में गत चैंपियन से 18-21 18-21 से हार गयीं. इस सत्र के चार फाइनल्स में यह सिंधू की दूसरी हार है. वह विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में जापान की नोजोमी ओकुहारा से हार गयी थी, जबकि उन्होंने भारत और कोरिया में दो खिताब अपने नाम किये.

शुरुआती गेम 21 मिनट तक चला जिसमें ताइ ने 3-0 से बढ़त बना ली थी, जिसके बाद सिंधू ने बेसलाइन पर पहला अंक जुटाया. हालांकि, ताइ ने बेहतरीन स्ट्रोक और तेजी से बढ़त 7-2 कर ली. सिंधू ने फिर रैलियों में दबदबा बनाना शुरू कर दिया और ताइवान की खिलाड़ी को नेट के करीब आने के लिए बाध्य किया. इस भारतीय ने शटल मुश्किल जगह पर देकर इस अंतर को कम कर 6-7 कर दिया. ताइ ने रिटर्न से एक अंक जुटाया और फिर डीप बैकहैंड कार्नर पर स्मैश से 10-7 से बढ़त बना ली. ब्रेक तक ताइवान की खिलाड़ी ने तीन अंक की बढ़त बनायी हुई थी.

ब्रेक के बाद ताइ ने दो असहज गलतियां की और सिंधू ने नेट के पास बैकहैंड रिटर्न पर अंतर 10-13 कर लिया. लेकिन प्रतिद्वंद्वी ने दबदबा बनाते हुए इसे 16-13 कर लिया. जल्द ही उसकी यह बढ़त 18-14 हो गयी. सिंधू ने जल्द ही वापसी करते हुए 18-18 से बराबरी हासिल की. अगली रैली में सिंधू के रैकेट का स्ट्रिंग टूट गया और ताइ ने स्मैश लगाया जिससे भारतीय खिलाड़ी हताश हो गयी. ताइ ने सिंधू के बैकहैंड पर एक और स्मैश लगाया जिससे वह गेम प्वाइंट पर पहुंच गयी. इसके बाद ताइ ने वीडियो रेफरल पर पहला गेम अपने नाम किया, जिसमें उनकी शटल लाइन पर गिरी थी.

दूसरे गेम में सिंधू और ताइ अंक जुटाते हुए 4-4 की बराबरी पर थी. इसके बाद दोनों 7-7 की बराबरी पर आ गयी जिसके बाद ताइ ने वाइड शाट लगाया और वह एक रेफरल भी गंवा बैठी. सिंधू ने फिर बैकहैंड फ्लिक, फोरकोर्ट पर भ्रमित करनेवाला रिटर्न और फिर स्मैश से अंक जुटाकर 10-7 की बढ़त बना ली. वह ब्रेक तक दो अंक की बढ़त बनाये थीं. हालांकि, ब्रेक के बाद ताइ ने फिर दबदबा बना लिया. भारतीय खिलाड़ी ने रेफरल गंवा दिया जिससे ताइ 12-11 से आगे हो गयी. जब स्कोर 13-12 था तो सिंधू को लाइन जज ने वीडियो रेफरल नहीं दिया जिसके बाद इस भारतीय के हाथों से मैच निकल गया. सिंधू रैलियों को फिनिश करने में असफल रही जिससे विपक्षी खिलाड़ी 17-12 से आगे हो गयी. जल्द ही ताइ ने 20-16 से बढ़त बना ली. सिंधू ने दो मैच प्वाइंट बचाये, लेकिन ताइ ने परफेक्ट ड्राॅप शाट से खिताब अपने नाम किया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola