ePaper

नोवाक जोकोविच की US Open 2025 के सेमीफाइनल में एंट्री, चोट, सर्जरी और जुझारू वापसी को लेकर बड़ा खुलासा

Updated at : 04 Sep 2025 2:20 PM (IST)
विज्ञापन
Novak Djokovic During Jay Shetty Podcast

नोवाक जोकोविच एक पॉडकास्ट के दौरान, फोटो- स्क्रीनशॉट (Jay Shetty Podcast)

Novak Djokovic: सर्बियाई टेनिस स्टार नोवाक जोकोविच ने कोहनी और घुटने की चोट से जूझने और सर्जरी के दर्दनाक सफर का खुलासा किया. संघर्षों के बावजूद उन्होंने US Open 2025 के सेमीफाइनल में जगह बनाई.

विज्ञापन

टेनिस की दुनिया के महान खिलाड़ियों में गिने जाने वाले सर्बिया के नोवाक जोकोविच (Novak Djokovic) ने हाल ही में अपने करियर के सबसे मुश्किल दौर और चोटों से जूझने के अनुभव साझा किए. एक पॉडकास्ट (Jay Shetty Podcast) में बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने लंबे समय तक अपनी कोहनी और घुटने की गंभीर चोटों से संघर्ष किया और आखिरकार सर्जरी करानी पड़ी. इसी बीच, जोकोविच ने अमेरिकी ओपन 2025 (US Open 2025) में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई.

कोहनी की चोट से जूझते रहे जोकोविच

जोकोविच ने बताया कि 2016 से 2017 तक वह लगातार कोहनी की चोट से परेशान रहे. दर्द इतना बढ़ गया कि उन्हें रोजाना एंटी-इंफ्लेमेटरी दवाइयाँ और कॉर्टिसोल शॉट्स लेने पड़े. उन्होंने कहा “मैंने कभी दवाइयों का सहारा नहीं लिया था लेकिन लगभग डेढ़ साल तक मैं इन्हीं पर निर्भर रहा. फिर भी दर्द कम नहीं हुआ और मुझे समझ आ गया कि ऑपरेशन ही आखिरी रास्ता है.” हालांकि उन्होंने खुद से वादा किया था कि करियर के दौरान कभी सर्जरी नहीं कराएंगे, लेकिन हालात ने उन्हें मजबूर कर दिया. सर्जरी के बाद जोकोविच ने इसे अपने जीवन का कठिनतम फैसला बताया.

घुटने की सर्जरी

पिछले साल रोलां गैरोस के दौरान जोकोविच के साथ एक और मुश्किल वक्त आया. चौथे राउंड में मुकाबले के बीच अचानक उनके घुटने में गंभीर चोट आ गई. दर्द इतना था कि वह खड़े तक नहीं हो पा रहे थे. उन्होंने कहा “फिजियो ने मेरे मेनिस्कस पर दबाव डाला और मुझे अहसास हुआ कि चोट गंभीर है. लेकिन मैंने कहा कि मुझे कोर्ट नहीं छोड़ना, आप जितनी तेज दवा दे सकते हैं दीजिए. मैंने दर्द सहते हुए मैच पूरा किया और जीत हासिल की.” इसके बाद उन्हें घुटने की आर्थोस्कोपिक सर्जरी करानी पड़ी.

दर्द और निराशा के बीच संघर्ष

जोकोविच ने साफ कहा कि चोट और सर्जरी से गुजरना उनके लिए मानसिक रूप से बेहद कठिन था. उन्होंने बताया कि जब 2017 में सर्जरी कराई, तो वे कई दिनों तक रोते रहे क्योंकि उन्हें लगा कि उन्होंने अपने वादे को तोड़ दिया. लेकिन इसी संघर्ष ने उन्हें और मजबूत बनाया. उन्होंने कहा कि एक खिलाड़ी के लिए चोट केवल शारीरिक चुनौती नहीं होती बल्कि मानसिक रूप से भी भारी पड़ती है. यही वजह है कि उन्होंने कभी हार नहीं मानी और लगातार कोर्ट पर वापसी की.

US Open 2025 सेमीफाइनल में एंट्री

सभी उतार-चढ़ाव के बावजूद जोकोविच आज भी टेनिस के शीर्ष खिलाड़ियों में शुमार हैं. अमेरिकी ओपन 2025 में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में चौथे वरीय टेलर फ्रिट्ज को मात दी. यह मुकाबला उन्होंने 6-3, 7-5, 3-6, 6-4 से जीता और सेमीफाइनल में जगह बनाई. उनकी यह जीत इस बात का सबूत है कि चाहे कितनी भी गंभीर चोट क्यों न हो, जोकोविच की जुझारू खेल भावना और मानसिक मजबूती उन्हें हर बार फिर से शिखर पर पहुंचा देती है.

ये भी पढ़ें-

US Open 2025: यानिक सिनर सेमीफाइनल में, लोरेंजो मुसेटी को सीधे सेटों में हराकर तोड़ा 37 साल पुराना रिकॉर्ड

US Open 2025: भारतीय टेनिस खिलाड़ी ने रचा इतिहास, युकी भांबरी और माइकल वीनस की जोड़ी सेमीफाइनल में

US Open 2025: करोलिना मुचोवा को हराकर नाओमी ओसाका सेमीफाइनल में पहुंची, मुकाबला अमांडा अनिसिमोवा से होगा

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola