VIDEO: एज एंड टेकन... धनंजय डी सिल्वा का हैरतअंगेज कैच, ध्रुव जुरेल को 51 रन पर भेजा पवेलियन

Updated:
विज्ञापन

धनंजय का शानदार कैच (फोटो—एक्स)

भारत और श्रीलंका के बीच पहले टेस्ट में श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने दिखाया हैरतअंगेज कैचिंग का नमूना. ध्रुव जुरेल का विकेट लेने के लिए हवा में छलांग लगाकर उन्होंने एक हाथ से गेंद लपकी. इससे पहले वे जुरेल का एक कैच छोड़ चुके थे.

विज्ञापन

Dhananjaya de Silva Stunning Catch: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट के दूसरे दिन एक ऐसा पल देखने को मिला, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. भारतीय बल्लेबाज ध्रुव जुरेल अच्छी लय में नजर आ रहे थे और अपना अर्धशतक पूरा कर चुके थे, लेकिन प्रभात जयसूर्या की गेंद पर लगा हल्का सा एज सीधे स्लिप में खड़े श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा के पास पहुंचा. इसके बाद धनंजय ने हवा में छलांग लगाते हुए एक हाथ से ऐसा कैच पकड़ा कि जुरेल को 51 रन पर पवेलियन लौटना पड़ा.

हवा में छलांग लगाकर लपकी गेंद

यह घटना भारतीय पारी के 110वें ओवर की पहली गेंद पर हुई. प्रभात जयसूर्या ने गेंद को फ्लाइट देते हुए मिडिल और लेग स्टंप की ओर रखा. जुरेल ने आगे निकलकर गेंद को ऑन साइड में खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का मुंह जल्दी बंद होने की वजह से सीधे नहीं गई और बल्ले का किनारा लगकर पहली स्लिप की दिशा में चली गई. वहां खड़े धनंजय डी सिल्वा ने गेंद को हवा में जाता देखा और बिना कोई मौका गंवाए अपनी दाईं ओर पूरी लंबाई में छलांग लगा दी. उन्होंने एक हाथ से गेंद को हवा में ही लपक लिया. कैच इतना शानदार था कि कुछ पल के लिए मैदान पर मौजूद खिलाड़ी भी हैरान नजर आए.

पहले छूटा था जुरेल का कैच

धनंजय का यह कैच इसलिए भी खास रहा क्योंकि उन्होंने इससे पहले जुरेल का एक मुश्किल कैच छोड़ दिया था. जुरेल जब 29 रन पर थे, तब भी धनंजय के पास उनका कैच लेने का मौका आया था, लेकिन गेंद उनके हाथों से निकल गई थी. इस बार श्रीलंकाई कप्तान ने कोई गलती नहीं की और बेहतरीन रिफ्लेक्स दिखाते हुए एक हाथ से कैच पकड़कर जुरेल की पारी का अंत कर दिया.

Also Read: IND vs SL Test: बारिश रुकी तो श्रीलंकाई बॉलर्स पर बरसे पडिक्कल और ध्रुव, दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत 460/9

जुरेल ने खेली 51 रन की उपयोगी पारी

ध्रुव जुरेल ने आउट होने से पहले 68 गेंदों में 51 रन बनाए. उनकी पारी में चार चौके और एक छक्का शामिल रहा. उन्होंने देवदत्त पडिक्कल के साथ 38 रन की साझेदारी की और बाद में मानव सुथार के साथ भी 55 रन जोड़े. जुरेल के आउट होने के बाद भारत का स्कोर 432/8 हो गया था.

पडिक्कल की पारी से मजबूत स्थिति में भारत

इससे पहले देवदत्त पडिक्कल ने शानदार 167 रन की पारी खेलकर भारतीय पारी को मजबूती दी. केएल राहुल ने 82, ऋषभ पंत ने 39 और जुरेल ने 51 रन का योगदान दिया. दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 116 ओवर में 9 विकेट खोकर 460 रन बना लिए थे. कुलदीप यादव 12 और प्रसिद्ध कृष्णा 1 रन बनाकर नाबाद रहे. अब तीसरे दिन भारतीय टीम की कोशिश आखिरी विकेट के साथ कुछ और रन जोड़ने की होगी, जबकि श्रीलंका जल्द से जल्द भारत की पारी समेटकर अपनी बल्लेबाजी शुरू करना चाहेगा.

Also Read: समंदर किनारे क्यों खास है गॉल स्टेडियम? भारत-श्रीलंका टेस्ट के बीच जानिए किले और मशहूर क्लॉक टावर का राज


विज्ञापन
अभिजीत कुमार

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola