ढुल की आंधी में उड़ी नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स, सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने महज 9.3 ओवर में चेज किया 151 का टारगेट
यश ढुल और सिद्धार्थ जून (फोटो—एक्स)
दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को 9.3 ओवर में 2 विकेट से हराया. यश ढुल और सिद्धार्थ जून की तूफानी साझेदारी ने जीत आसान कर दी.
North Delhi Strikers vs Central Delhi Kings: दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में संडे को ऐसा मुकाबला देखने को मिला, जहां लक्ष्य 151 रन का था, लेकिन सेंट्रल दिल्ली किंग्स के बल्लेबाजों ने इसे मुश्किल लक्ष्य बनने ही नहीं दिया. कप्तान यश ढुल और सिद्धार्थ जून ने शुरुआत से ही गेंदबाजों पर ऐसा हमला बोला कि नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की पूरी रणनीति धरी की धरी रह गई. दोनों ने सिर्फ 45 गेंदों में 140 रन की तूफानी साझेदारी कर दी और सेंट्रल दिल्ली ने 151 रन का लक्ष्य केवल 9.3 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया.
पहले गेंदबाजी में दिखाया दम
टॉस जीतकर सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कप्तान सार्थक रंजन सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद भी विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा. भारत सिंधवानी ने 27 गेंदों पर 34 रन बनाकर टीम की पारी संभालने की कोशिश की. यश भाटिया ने 15 गेंदों पर 24 रन बनाए, जबकि अर्जुन रापरिया ने 17 गेंदों पर नाबाद 28 रन का योगदान दिया. नॉर्थ दिल्ली की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 150 रन ही बना सकी. सेंट्रल दिल्ली की ओर से तेजस बरोका सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने चार ओवर में 17 रन देकर दो विकेट लिए.
यश ढुल और सिद्धार्थ ने मचाई तबाही
151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने पहले ही ओवर से अपना इरादा साफ कर दिया. कप्तान यश ढुल और सिद्धार्थ जून ने नॉर्थ दिल्ली के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया. दोनों ने महज 45 गेंदों में 140 रन की ओपनिंग साझेदारी कर डाली. पावरप्ले में ही सेंट्रल दिल्ली ने 112 रन ठोक दिए.
24 गेंदों में 76 रन
सिद्धार्थ जून ने सिर्फ 24 गेंदों में 76 रन की विस्फोटक पारी खेली. उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 8 छक्के लगाए. उनका स्ट्राइक रेट 316.67 रहा. वहीं कप्तान यश ढुल भी पीछे नहीं रहे. उन्होंने 24 गेंदों में 69 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल रहे.
Also Read: VIDEO: एज एंड टेकन... धनंजय डी सिल्वा का हैरतअंगेज कैच, ध्रुव जुरेल को 51 रन पर भेजा पवेलियन
63 गेंद बाकी रहते जीत
यश और सिद्धार्थ लगातार रन बरसा रहे थे, लेकिन जीत से कुछ ही दूर दोनों के विकेट गिर गए. हालांकि तब तक मुकाबला पूरी तरह सेंट्रल दिल्ली की मुट्ठी में आ चुका था. युगल सैनी ने 2 और केशव डबास ने 4 रन बनाकर औपचारिकता पूरी की. सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने 9.3 ओवर में 151/2 का स्कोर बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया.
सार्थक की लगातार फिफ्टी का सिलसिला टूटा
नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के कप्तान सार्थक रंजन के लिए यह मुकाबला निराशाजनक रहा. वह इस मैच से पहले लीग में लगातार पांच अर्धशतक लगा चुके थे, लेकिन सेंट्रल दिल्ली के खिलाफ उनका बल्ला नहीं चला और वह सिर्फ 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. उनके ओपनिंग पार्टनर वैभव कांडपाल भी 18 रन ही बना सके. नॉर्थ दिल्ली की ओर से भारत सिंधवानी ने सर्वाधिक 34 रन बनाए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अभिजीत कुमार
अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










