30 टेस्ट, 30 अलग मैदान... यह भारतीय खिलाड़ी पहुंचा सचिन तेंदुलकर के खास रिकॉर्ड के पास
यशस्वी जायसवाल (फोटो—एक्स)
युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने श्रीलंका के खिलाफ अपने 30वें टेस्ट मैच में एक अनूठा रिकॉर्ड अपने नाम किया है. उन्होंने अपने शुरुआती सभी 30 टेस्ट मैच 30 अलग-अलग मैदानों पर खेले हैं, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज के लिए एक बड़ी उपलब्धि है.
Yashasvi Jaiswal New Record : भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट में उतरते ही अपने नाम एक बेहद खास उपलब्धि दर्ज कर ली. यह उनके टेस्ट करियर का 30वां मुकाबला है और दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने अपने शुरुआती सभी 30 टेस्ट मैच 30 अलग-अलग मैदानों पर खेले हैं. यानी अपने अब तक के टेस्ट करियर में जायसवाल एक भी वेन्यू पर दोबारा टेस्ट खेलने नहीं उतरे हैं.
2023 में किया था डेब्यू
जायसवाल ने जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ डोमिनिका के रोसेउ स्थित विंडसर पार्क में टेस्ट डेब्यू किया था. इसके बाद उनका करियर भारत समेत दुनिया के अलग-अलग क्रिकेट मैदानों तक पहुंचा और गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम उनके 30वें टेस्ट का नया पड़ाव बना.
खास सूची में पहुंचे जायसवाल
यशस्वी की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि इससे पहले भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज बल्लेबाजों के नाम ऐसा रिकॉर्ड दर्ज था. संजय मांजरेकर ने अपने शुरुआती 33 टेस्ट 33 अलग-अलग मैदानों पर खेले थे. वहीं महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने अपने शुरुआती 32 टेस्ट 32 अलग-अलग वेन्यू पर खेले थे. अब जायसवाल ने 30 अलग-अलग मैदानों पर अपने शुरुआती 30 टेस्ट खेलकर इस खास सूची में जगह बना ली है. वह इस मामले में तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं.
30 टेस्ट में 2,567 रन, 7 शतक
सिर्फ मैदानों के लिहाज से ही नहीं, बल्कि प्रदर्शन के मामले में भी जायसवाल का टेस्ट करियर शानदार रहा है. 30 टेस्ट की 55 पारियों में उन्होंने 48 से ज्यादा की औसत से 2,567 रन बनाए हैं. उनके नाम 7 शतक और 13 अर्धशतक हैं. इस दौरान उन्होंने नाबाद 214 रन की बड़ी पारी भी खेली है.
Also Read: VIDEO: एज एंड टेकन... धनंजय डी सिल्वा का हैरतअंगेज कैच, ध्रुव जुरेल को 51 रन पर भेजा पवेलियन
अच्छी शुरुआत के बाद हुए रन आउट
हालांकि, अपने 30वें टेस्ट को जायसवाल यादगार पारी के साथ नहीं सजा सके. गॉल में भारत की पहली पारी के दौरान वह 37 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 32 रन बनाकर रन आउट हुए. दरअसल, केएल राहुल के शॉट को रोकने की कोशिश में श्रीलंकाई गेंदबाज का जायसवाल से टकराव हो गया. इस दौरान जायसवाल का संतुलन बिगड़ गया, जबकि राहुल दूसरे छोर तक पहुंच चुके थे. दोनों बल्लेबाज एक ही छोर पर पहुंच गए और श्रीलंका ने मौके का फायदा उठाते हुए जायसवाल को रन आउट कर दिया.
रन आउट होने का तीसरा मौका
टेस्ट क्रिकेट में यह तीसरी बार है जब जायसवाल रन आउट होकर पवेलियन लौटे हैं. इससे पहले 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वह 82 रन पर रन आउट हुए थे. वहीं वेस्टइंडीज के खिलाफ 175 रन की शानदार पारी के दौरान भी वह रन आउट होकर दोहरे शतक से चूक गए थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अभिजीत कुमार
अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










