IND vs SL Test: बारिश रुकी तो श्रीलंकाई बॉलर्स पर बरसे पडिक्कल और ध्रुव, दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत 460/9

Updated:
विज्ञापन

भारत बनाम श्रीलंका (फोटो—एक्स)

बारिश से प्रभावित दूसरे दिन देवदत्त पडिक्कल के 167 रन और ध्रुव जुरेल के अर्धशतक की बदौलत भारत ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में 460/9 का मजबूत स्कोर खड़ा किया. टीम इंडिया अब मेहमान टीम पर दबाव बनाने को तैयार है.

विज्ञापन

India Vs Sri Lanka Test Series: भारत ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट के दूसरे दिन भी अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी. बारिश से प्रभावित दिन में पूरे ओवर्स का खेल तो नहीं हो सका. बारिया छूटी और टीम इंडिया जैसे ही बैटिंग के लिए उतरी देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल ने तेजी से रन बनाना शुरू कर दिया. पडिक्कल ने 167 रन तो ध्रुव जुरेल के अर्धशतक की बदौलत टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 9 विकेट खोकर 460 रन बना लिए हैं. कुलदीप यादव 12 और प्रसिद्ध कृष्णा 1 रन बनाकर क्रिज पर नाबाद हैं.

बारिश ने बिगाड़ा खेल

दूसरे दिन का पहला सेशन पूरी तरह बारिश की भेंट चढ़ गया. इसके बाद जब मुकाबला शुरू हुआ तो श्रीलंकाई गेंदबाजों ने वापसी की कोशिश की और भारत को लगातार झटके दिए. हालांकि, भारतीय बल्लेबाजों ने बड़े स्कोर की नींव पहले ही तैयार कर दी थी, जिसका फायदा टीम को मिला. पहले दिन भारत ने 2 विकेट पर 288 रन बनाए थे. देवदत्त पडिक्कल 131 और ऋषभ पंत 27 रन बनाकर नाबाद लौटे थे. दूसरे दिन दोनों बल्लेबाजों से बड़ी पारियों की उम्मीद थी.

पडिक्कल ने खेली 167 रन की शानदार पारी

देवदत्त पडिक्कल ने दूसरे दिन अपनी पारी को आगे बढ़ाते हुए टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया. उन्होंने 230 गेंदों पर 167 रन बनाए. उनकी पारी में 15 चौके और एक छक्का शामिल रहा. पडिक्कल ने पहले केएल राहुल के साथ शानदार साझेदारी की थी. राहुल 82 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद कप्तान शुभमन गिल के साथ पडिक्कल ने 39 रन जोड़े. गिल 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे. इसके बाद ऋषभ पंत के साथ भी पडिक्कल ने महत्वपूर्ण साझेदारी की. दोनों ने 71 रन जोड़े और भारत को 300 रन के पार पहुंचाया. हालांकि, पंत 39 रन बनाकर आउट हो गए. पडिक्कल की पारी का अंत भी जल्द ही हुआ और वह अपने पहले टेस्ट दोहरे शतक से 33 रन दूर रह गए.

ध्रुव जुरेल ने भी जड़ा अर्धशतक

पडिक्कल के आउट होने के बाद ध्रुव जुरेल ने मोर्चा संभाला. छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे जुरेल ने संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए 68 गेंदों में 51 रन बनाए. उनकी पारी में पांच चौके शामिल रहे. जुरेल ने पहले पडिक्कल के साथ 38 रन जोड़े और बाद में मानव सुथार के साथ भी 55 रन की साझेदारी की. मानव सुथार ने 24 रन का योगदान दिया.

श्रीलंकाई गेंदबाजों ने आखिरी सेशन में वापसी की

श्रीलंका की ओर से प्रभात जयसूर्या सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने भारत के चार विकेट झटके. केशरा नुवंथा को तीन सफलता मिली, जबकि असिथा फर्नांडो ने एक विकेट अपने नाम किया. इसके बावजूद भारत ने दिन का खेल खत्म होने तक 460/9 का मजबूत स्कोर खड़ा कर लिया है. अब टीम इंडिया की नजर आखिरी विकेट के लिए कुछ और रन जोड़कर श्रीलंका के सामने बड़ा स्कोर रखने पर होगी.

Also Read: समंदर किनारे क्यों खास है गॉल स्टेडियम? भारत-श्रीलंका टेस्ट के बीच जानिए किले और मशहूर क्लॉक टावर का राज

पहले दिन पडिक्कल ने रचा था इतिहास

देवदत्त पडिक्कल के लिए यह टेस्ट पहले से ही खास बन चुका है. 15 अगस्त को शतक लगाने के साथ वह स्वतंत्रता दिवस पर टेस्ट शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने थे. अब दूसरे दिन 167 रन की पारी खेलकर उन्होंने नंबर-3 की जगह के लिए अपनी दावेदारी और मजबूत कर दी है. भारत के लिए अब तीसरे दिन सबसे बड़ी उम्मीद कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा से होगी. टीम चाहेगी कि आखिरी विकेट से कुछ और रन मिलें और फिर श्रीलंका की बल्लेबाजी पर दबाव बनाया जा सके.

भारत की प्लेइंग-11: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, देवदत्त पडिक्कल, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा.

श्रीलंका की प्लेइंग-11: धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), लाहिरू उदारा, निशान मदुश्का, कामिंदु मेंडिस, दिनेश चांदीमल, सोनल दिनूषा, निरोशन डिकवेला, प्रभात जयसूर्या, केशारा नुवंथा, असिथा फर्नांडो और लाहिरू कुमारा.

Also Read: ऑस्ट्रेलिया की शर्मनाक हार के बाद रिकी पोंटिंग ने दिए सुझाव, बोले- अब टीम में बदलाव करने का समय


विज्ञापन
अभिजीत कुमार

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola