क्या कोविड वैक्सीन से हुई शेन वॉर्न की मौत? बेटे जैक्सन ने किया चौंकाने वाला खुलासा

शेन वॉर्न, Pic- Social Media/X
Shane Warne Son Big Claim: महान क्रिकेटर शेन वॉर्न की मौत को लेकर उनके बेटे जैक्सन वॉर्न ने बड़ा दावा किया है. जैक्सन का मानना है कि उनके पिता की मौत कोविड वैक्सीन लेने के कारण हुई. उन्होंने बताया कि काम के दबाव में वॉर्न को वैक्सीन लेनी पड़ी थी, जिसने उनकी जान ले ली.
Shane Warne Son Big Claim: ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर शेन वॉर्न की साल 2022 में अचानक हुई मौत ने पूरे क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया था. थाईलैंड में दिल का दौरा पड़ने से 52 साल की उम्र में उनका निधन हो गया था. उस समय किसी को इस दुखद खबर पर भरोसा नहीं हुआ था. अब उनकी मौत के करीब चार साल बाद उनके बेटे जैक्सन वॉर्न ने एक चौंकाने वाला दावा किया है. जैक्सन का मानना है कि उनके पिता की जान कोविड वैक्सीन के कारण गई. उन्होंने यह अहम बात ‘2 वर्ल्ड्स कोलाइड पॉडकास्ट’ पर चर्चा के दौरान कही है.
वैक्सीन को बताया वॉर्न की मौत का असल कारण
जैक्सन वॉर्न ने दावा किया है कि शेन वॉर्न ने कोविड वैक्सीन की तीन या चार डोज ली थीं. उनके अनुसार, इसी वैक्सीन के असर के कारण उनके पिता को दिल का दौरा पड़ा. जैक्सन ने यह बात भी मानी कि वॉर्न को पहले से कुछ स्वास्थ्य समस्याएं थीं. लेकिन उनको लगता है कि इस वैक्सीन ने उन अंदरूनी समस्याओं को और ज्यादा बढ़ा दिया जिससे उनकी मौत हो गई. जैक्सन ने कहा कि यही एक बात है जिससे वह आज भी लगातार जूझ रहे हैं और उन्हें अब यह कहने में कोई विवाद नहीं लगता.
काम के लिए लेना पड़ा था टीका
जैक्सन ने बातचीत में साफ किया कि शेन वॉर्न खुद वैक्सीन नहीं लेना चाहते थे. लेकिन अपने काम और विदेशी दौरों की वजह से उन्हें यह टीका लगवाने के लिए मजबूर होना पड़ा. जैसे दुनिया भर के बाकी आम लोगों को अपनी नौकरी बचाने के लिए वैक्सीन लेनी पड़ी थी, ठीक वैसे ही दबाव में वॉर्न को भी यह टीका लगवाना पड़ा था.
सरकार और वैक्सीन पर था भारी गुस्सा
अपने पिता की अचानक मौत की खबर सुनते ही जैक्सन की पहली प्रतिक्रिया गुस्से वाली थी. उन्होंने तुरंत इसके लिए सरकार और कोविड वैक्सीन को दोषी मान लिया था. जैक्सन ने बताया कि पिता की श्रद्धांजलि सभा के दौरान वह अपनी भावनाओं को बहुत मुश्किल से काबू कर पाए थे. उन्होंने कहा कि उस समय चुप रहना ही समझदारी थी, वरना अगर वह बोलते तो आज स्थिति कुछ और होती.
एकदम फिट थे शेन वॉर्न
जैक्सन के मुताबिक, मौत से पहले शेन वॉर्न पूरी तरह से स्वस्थ और खुश थे. वह काफी समय बाद अपने सबसे अच्छे रूप में दिख रहे थे. जैक्सन ने यह भी कहा कि उनके पिता सिगरेट और शराब पीते थे, लेकिन बहुत से लोग 80-90 साल की उम्र में भी उनसे ज्यादा नशा करते हैं और पूरी तरह सुरक्षित हैं. जैक्सन अब इस बारे में ज्यादा नहीं सोचना चाहते क्योंकि ऐसा सोचने से उनके अंदर बहुत गुस्सा भर जाता है.
2021 में हुआ था कोरोना संक्रमण
शेन वॉर्न की मौत से कुछ महीने पहले उन्हें कोरोना हुआ था. साल 2021 में इंग्लैंड में ‘द हंड्रेड’ क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान वह कोविड का शिकार हुए थे. उस समय वह एक टीम के लिए कोचिंग का काम कर रहे थे. इसके बाद 2022 में अचानक दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई. उस दिन से पहले उन्हें किसी बड़ी या गंभीर बीमारी से पीड़ित नहीं माना जाता था.
ये भी पढ़ें-
चोट से खत्म होने वाला था करियर, मैक्ग्रा के एक फैसले ने प्रफुल्ल हिंगे को बनाया IPL का नया स्टार
क्या धोनी खेलेंग CSK vs KKR मैच? जानिए चेन्नई की पिच रिपोर्ट और हेड टू हेड रिकॉर्ड
PSL छोड़ IPL खेलने पर इस गेंदबाज पर गिरी गाज, PCB ने लगाया 2 साल का बैन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




