ePaper

रोहित शर्मा एशिया कप में भी करेंगे आक्रामक बल्लेबाजी, कहा- जोखिम लेकर खेलना मेरा स्टाइल है

Updated at : 29 Aug 2023 6:29 PM (IST)
विज्ञापन
रोहित शर्मा एशिया कप में भी करेंगे आक्रामक बल्लेबाजी, कहा- जोखिम लेकर खेलना मेरा स्टाइल है

केवल टी20 ही नहीं, रोहित शर्मा वनडे में भी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने खुद इस बात का खुलासा किया कि जोखिम लेकर खेलना मेरी व्यक्तिगत पसंद है. किसी भी फॉर्मेट में मैं ऐसा ही खेलना पसंद करता हूं.

विज्ञापन
undefined

रोहित शर्मा ने अपनी बल्लेबाजी में एक अलग आयाम जोड़ने के लिए आक्रामकता के साथ सतर्कता बरती और वह इससे मिले नतीजों से खुश भी हैं, भले ही इसके कारण वह बड़े शतक जड़ने से महरूम रह गये हों. विश्व कप 2019 के अंत तक रोहित ने 27 शतक बनाये थे लेकिन पिछले चार वर्षों में वह इनमें केवल तीन और सैकड़े ही जोड़ पाए हैं. रोहित का मानना है कि ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि उन्होंने बल्लेबाजी के दौरान जोखिम उठाने शुरू कर दिए हैं.

undefined

रोहित ने पीटीआई से ‘एक्सक्लूसिव’ साक्षात्कार में कहा, ‘मैं ज्यादा जोखिम लेना चाहता था इसलिए मेरे शतकों की संख्या अब थोड़ी अलग है. मेरा (वनडे) स्ट्राइक रेट (इस दौरान) बढ़ गया लेकिन औसत थोड़ा कम हो गया. हमारे बल्लेबाजी कोच (विक्रम राठौड़) मुझे यही बता रहे थे.’ रोहित एकमात्र खिलाड़ी हैं जिन्होंने तीन दोहरे शतक (ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2013 में 209 रन, श्रीलंका के खिलाफ 2014 में 264 रन, श्रीलंका के खिलाफ 2017 में नाबाद 208 रन) जड़े हैं. उनकी अंतिम 150 रन से ज्यादा की पारी 2019 में विशाखापट्टनम में वेस्टइंडीज के खिलाफ बनी.

undefined

रोहित ने कहा कि उन्हें इस दौरान कहीं कहीं समझौता भी करना पड़ा. उन्होंने कहा, ‘मेरा करियर स्ट्राइक रेट करीब 90 (89.97) था लेकिन पिछले दो वर्षो में अगर आप मेरे स्कोर देखो और स्ट्राइक रेट को देखो तो यह 105-110 के करीब रहा है. इसलिए कहीं न कहीं आपको समझौता करना पड़ता है. ऐसा संभव नहीं है कि औसत 55 का हो और स्ट्राइक रेट 110 का.’

undefined

उन्होंने कहा, ‘जोखिम उठाना पूरी तरह से मेरी पसंद रही. मेरी सामान्य बल्लेबाजी अब भी मेरे अंदर है लेकिन मैं कुछ और आजमाना चाहता था. मैं नतीजे से भी खुश हूं.’ बल्कि उन्होंने अपनी बल्लेबाजी में बदलाव के बारे में टीम प्रबंधन को अवगत करा दिया था. उन्होंने कहा, ‘हर कोई लंबे समय तक बल्लेबाजी करना चाहता है और 150 या 170 रन बनाना चाहता है. मैं अब भी ऐसा करना चाहता हूं लेकिन हमेशा ऐसा करना अच्छा होता है जो आपने कभी नहीं किया हो. यह आपकी बल्लेबाजी योग्यता में ही जुड़ता है. जब तक आप करोगे नहीं, आप इसके बारे में जानोगे नहीं.’

undefined

रोहित ने कहा, ‘मैं जानता हूं कि अगर मैं जोखिम भरे शॉट खेलता हूं तो मैं कुछ दफा आउट हो जाऊंगा लेकिन मुझे कोई परेशानी नहीं थी. मैंने टीम प्रबंधन को बता दिया था कि मैं इसी तरह से खेलना चाहता हूं.’ भारतीय टीम घरेलू मैदानों पर जिस तरह के ट्रैक पर खेलती है, वे बल्लेबाजों के मुफीद नहीं हैं और भारतीय कप्तान पिछले कुछ समय से सबसे निरंतर टेस्ट बल्लेबाजों में शुमार है.

undefined

उन्होंने कहा, ‘भारत में मेरी हाल की टेस्ट पारियों को देखो. मैं आपको बता सकता हूं कि अब भारत में बल्लेबाजी करना विदेश में बल्लेबाजी करने से ज्यादा मुश्किल है, विशेषकर पिछले दो तीन वर्षों में ऐसा हो गया है.’ रोहित ने कहा, ‘हम जिन पिचों पर खेलते हैं, वे विदेशों से ज्यादा चुनौतीपूर्ण हैं. इसलिए हमने बल्लेबाजी इकाई के रन और औसत के बारे में बात नहीं की है. हम सभी सहमत हुए कि हम चुनौतीपूर्ण पिचों पर खेलना चाहते हैं. मैं इस बात की चिंता नहीं करना चाहता कि हमारा औसत कैसा रहेगा.’

undefined

उन्होंने कहा, ‘मैं ऐसा ही सोचता हूं लेकिन विभिन्न खिलाड़ियों के सोचने की प्रक्रिया अलग है और मैं इसे बदलना नहीं चाहता. मैं ऐसी पिचों पर खेलूंगा जो हमारे गेंदबाजों के लिए फायदेमंद रहें.’ रोहित 11 साल तक मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर चुके हैं और करीब दो साल से राष्ट्रीय टीम की अगुआई कर रहे हैं. तो क्या कप्तानों का कार्यकाल होता है? इस पर उन्होंने जवाब दिया, ‘कार्यकाल जैसी कोई चीज नहीं होती.’

undefined

उन्होंने कहा, ‘आपको एक जिम्मेदारी मिलती है, आप नतीजा हासिल करते हो और सबसे महत्वपूर्ण कि आपको जो जिम्मेदारी दी गयी है, उससे आप खुश हो. कार्यकाल की तुलना में यह सबसे अहम सवाल है.’

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola