ePaper

IND vs NZ : अश्विन के जाल में उलझा न्यूजीलैंड, भारत को मिली ‘विराट’ जीत

Updated at : 26 Sep 2016 1:47 PM (IST)
विज्ञापन
IND vs NZ :  अश्विन के जाल में उलझा न्यूजीलैंड, भारत को मिली ‘विराट’ जीत

कानपुर :भारत ने न्यूजीलैंड के साथ खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के पहले मैच में 197 रन की शानदार जीत दर्ज की है. यह ऐतिहासिक जीत है क्योंकि भारतीय क्रिकेट टीम अपना 500वां मैच खेल रही थी. जीत के हीरो रहे स्पिनर आर अश्विन, जिन्होंने दूसरी पारी में न्यूजीलैंड के छह विकेट झटके. पहली पारी […]

विज्ञापन

कानपुर :भारत ने न्यूजीलैंड के साथ खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के पहले मैच में 197 रन की शानदार जीत दर्ज की है. यह ऐतिहासिक जीत है क्योंकि भारतीय क्रिकेट टीम अपना 500वां मैच खेल रही थी. जीत के हीरो रहे स्पिनर आर अश्विन, जिन्होंने दूसरी पारी में न्यूजीलैंड के छह विकेट झटके. पहली पारी में भी अश्विन और जडेजा का जादू चला था.

रविचंद्रन अश्विन की फिरकी के जाल में न्यूजीलैंड की टीम कुछ यूं उलझी कि 434 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए मैच के पांचवें और अंतिम दिन आज लंच के कुछ देर बाद 236 रन पर ढेर हो गयी. न्यूजीलैंड की टीम भारत ने इस तरह से तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 से बढ़त बनाकर आईसीसी रैंकिंग में फिर से नंबर एक बनने की तरफ भी मजबूत कदम बढ़ाये. अश्विन ने परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाते हुए 132 रन देकर छह विकेट लिये और इस तरह से मैच में दस विकेट लेने में कामयाब रहे. मोहम्मद शमी ( 18 रन देकर दो विकेट ) ने आज दो सफलताएं हासिल करके अश्विन का अच्छा साथ दिया.

रविंद्र जडेजा ने एक विकेट हासिल किया. जडेजा को उनके आलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन आफ द मैच चुना गया. भारत ने इस जीत से एक तरह से हैट्रिक भी पूरी की. उसने इससे पहले अपने 300वें टेस्ट मैच में 1996 में अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका को 64 रन से और 400वें टेस्ट मैच में 2006 में किंग्सटन में वेस्टइंडीज को 49 रन से हराया था. भारत की यह टेस्ट मैचों में कुल 130वीं जीत है. भारत ने दिसंबर 2012 से घरेलू सरजमीं पर 12 मैचों में अपना अजेय अभियान भी जारी रखा. उसने इनमें से दस मैच जीते हैं. न्यूजीलैंड ने सुबह चार विकेट पर 93 रन से आगे खेलना शुरू किया. उसके कल के अविजित बल्लेबाजों ल्यूक रोंची ( 80 ) और मिशेल सैंटनर ( 71 ) ने पांचवें दिन सुबह पहले घंटे में भारत को कोई सफलता नहीं मिलने दी लेकिन इन दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिये 102 रन की साझेदारी टूटने के बाद भारत ने जीत हासिल करने में देर नहीं लगायी. न्यूजीलैंड ने अपने आखिरी पांच विकेट 42 रन के अंदर गंवाये.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola