पूर्व क्रिकेटर CD Gopinath का निधन, पहला टेस्ट जीतने वाली भारतीय टीम के एकमात्र जीवित सदस्य

CD Gopinath की फाइल फोटो Social Media
पूर्व क्रिकेटर CD Gopinath का निधन हो गया है. वह भारत की पहली टेस्ट जीत (1952) वाली टीम के आखिरी जीवित सदस्य थे. उनके निधन से भारतीय क्रिकेट जगत में शोक की लहर है. तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन ने उनको श्रद्धांजलि दी है.
CD Gopinath: भारत की ऐतिहासिक पहली टेस्ट जीत के अंतिम जीवित सदस्य थे पूर्व भारतीय टेस्ट क्रिकेटर सीडी गोपीनाथ का 96 वर्ष की आयु में निधन हो गया. 96 वर्षीय गोपीनाथ भारत के सबसे उम्रदराज टेस्ट क्रिकेटर थे और ऑस्ट्रेलिया के नील हार्वे (97 वर्ष और 183 दिन) के बाद वर्ल्ड लेवल पर दूसरे सबसे उम्रदराज टेस्ट क्रिकेटर थे. तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (TNCA) ने सीडी गोपीनाथ के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की है. टीएनसीए ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट में लिखा, ‘सीडी गोपीनाथ, आपकी आत्मा को शांति मिले. भारतीय क्रिकेट के सच्चे पथप्रदर्शक और उस ऐतिहासिक टीम के अंतिम जीवित सदस्य, जिसने भारत को पहली टेस्ट जीत दिलाई. आपकी विरासत खेल के समृद्ध इतिहास में हमेशा के लिए अंकित रहेगी.’
1951 में किया था टेस्ट डेब्यू
चिंगलपुट गोपीनाथ का जन्म 1 मार्च 1930 को चेन्नई में हुआ था और उनका निधन 96 वर्ष और 39 दिन की आयु में हुआ. बहुमुखी प्रतिभा के धनी गोपीनाथ ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 83 मैच खेले. 119 पारियों में दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 42.16 के औसत से 4259 रन बनाए. प्रथम श्रेणी क्रिकेट में गोपीनाथ ने नौ शतक और 23 अर्धशतक जड़े थे, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 234 रन था. गोपीनाथ ने 1951 में ब्रेबोर्न स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया और 1960 में ईडन गार्डन्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना आखिरी मैच खेला.
1952 में भारत ने जीता पहला टेस्ट मैच
आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए, गोपीनाथ ने अपने टेस्ट डेब्यू की पहली पारी में नाबाद 50 रन बनाए, जो उनका सर्वोच्च स्कोर था, और दूसरी पारी में 42 रन बनाकर भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ मैच ड्रॉ कराया. उनकी डेब्यू सीरीज का पांचवां टेस्ट भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक ऐतिहासिक क्षण था, जब भारत ने चेन्नई में उनके घरेलू मैदान पर एक पारी और आठ रनों से अपनी पहली टेस्ट जीत दर्ज की. उस मैच में गोपीनाथ ने अपनी एकमात्र पारी में 35 रन बनाए थे. कुल मिलाकर, आठ टेस्ट मैचों और 12 पारियों में, गोपीनाथ ने 22 के औसत से 242 रन बनाए, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल है.
गोपीनाथ के निधन के बाद, 95 वर्षीय चंद्रकांत पाटनकर, जिन्होंने 1956 में ईडन गार्डन्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ एक टेस्ट मैच खेला था, अब भारत के सबसे उम्रदराज जीवित टेस्ट क्रिकेटर हैं.
ये भी पढ़ें…
GT vs DC: डेविड मिलर का एक गलत फैसला और 1 रन से हारी दिल्ली, अब ड्रेसिंग रूम का VIDEO वायरल
‘जोक ऑफ द सेंचुरी’, बाबर आजम ने उड़ाया सफेद कबूतर; सोशल मीडिया पर हुए जमकर ट्रोल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




